Nirbhik Nazar

हाइकमान ने दिया गुरुमंत्र ! अग्निवीर योजना को लेकर CONG निकालेगी उत्तराखंड में पदयात्रा, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी होंगे पदयात्रा में शामिल: VIDEO

साभार – राजीव महर्षि ( प्रदेश मीडिया प्रभारी CONG उत्तराखंड)

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस आलाकमान के साथ उत्तराखंड कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता मे हुई बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। बैठक में फैसला हुआ कि कांग्रेस पार्टी अग्निवीर योजना को लेकर उत्तराखंड में पदयात्रा निकालेगी। पदयात्रा में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक की तस्वीरें ट्वीट करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड राज्य आज नई चुनौतियों से जूझ रहा है। राज्य में हमारे नेता व कार्यकर्त्ता एक प्रबल विपक्ष की भूमिका निभा, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड में सब लोग मिलजुल कर रहें और राज्य को प्रगति की ओर ले जाएं। कांग्रेस पार्टी का संगठन समाज के कमज़ोर लोगों की आवाज़ निरंतर उठा रहा है। वर्तमान में हमारा कर्त्तव्य उत्तराखंड में आए बाढ़ व भूस्खलन के संकट में जनता की मदद करना है और सरकारी तंत्र से मदद दिलवाना है। हम हिमालय के राज्यों के जल-वायु परिवर्तन और प्रकृति से मानव खिलवाड़ के चलते हुए दुष्प्रभाव पर ठोस नीति बनाने के पक्षधर है, जिसमें विकास का कोई भी कार्य स्थानीय लोगों के सहमति से ही हो।

बैठक के बाद राहुल गांधी ने अपनी फ़ेसबुक पोस्ट में कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड के युवाओं के लिए अग्निपथ योजना जैसे अन्याय और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के खिलाफ़ आवाज़ उठाएगी और राज्य में पदयात्रा के माध्यम से जनता से संवाद स्थापित करेगी। बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आलाकमान द्वारा ली गई है। बैठक में आगामी रणनीति तैयार की गई। उत्तराखंड कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का मार्गदर्शन मिला है। 2024 के लिए कांग्रेस पार्टी इस बैठक से मजबूत होकर निकलेगी। बैठक में जो सुझाव और कार्यक्रम मिले हैं, उन्हें उत्तराखंड में मजबूती से लागू किया जाएगा।

राहुल गांधी की पोस्ट पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि अग्निवीर योजना से उत्तराखंड को बड़ा नुकसान हुआ है। सत्ता उत्तराखंड में अग्निवीर योजना को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी दिनों में पदयात्रा निकालेगी। उत्तराखंड कुमाऊं रेजीमेंट और गढ़वाल रेजीमेंट का घर है। उत्तराखंड प्रदेश के हर गांव का नौजवान सेना में जाना चाहता है। मगर भाजपा सरकार ने युवाओं के सपनों को तोड़ने का काम किया है। इस यात्रा की जल्द ही पूरी रूपरेखा बनाई जाएगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी करीब 10 दिन यात्रा में शामिल होंगे। प्रियंका गांधी जी भी यात्रा में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड और महिला अत्याचार जैसे मुद्दे भी अलग से उठाए जाएंगे। मगर यह यात्रा अग्निवीर योजना, भर्ती घोटालों और बेरोजगारों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर निकाली जाएगी।

वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी द्वारा पदयात्रा निकाली जाएंगी। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। उत्तराखंड में माहौल बदल रहा है और बदलाव दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पार्टी का प्रयास है कि वह जनता के बीच जाकर संवाद करे और जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाएं। भाजपा सरकार ने सेना में अग्निवीर योजना के नाम पर युवाओं को ठगने का काम किया है। उत्तराखंड में दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। अंकिता हत्याकांड के हत्यारे आज भी बेनकाब नहीं हुए हैं। उत्तराखंड के युवा पलायन करने को मजबूर हैं। उत्तराखंड में पेपर लीक और घोटाले हुए। इन घोटालों की जांच कराने की बजाय भाजपा सरकार इन्हें दबाने का काम कर रही है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी पदयात्रा निकालकर जनता के बीच जाएगी और जनता से संवाद स्थापित करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *