Skip to main content

Nirbhik Nazar

प्रेमिका ने साँप और सपेरे के साथ मिलकर रची साजिश ! प्रेमी की गई जान, पुलिस ने ऐसे मर्डर का खुलासा किया जो कभी नहीं सुना होगा, पढ़ें…

हल्द्वानी: प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए प्रेमिका ने ऐसी जहरीली साजिश रची, जिसके बारे में सुनकर हर कोई हैरान. मामला नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर का है. यहां प्रेमिका ने एक सपेरे के साथ मिलकर प्रेमी को कोबरा सांप से कटवा दिया. ये पूरा मामला हल्द्वानी के प्रतिष्ठित व्यापारी के बेटे की मौत से जुड़ा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, बीती 15 जुलाई को रामपुर रोड रामबाग निवासी ऑटो शोरूम कारोबारी 32 वर्षीय अंकित चौहान का शव हल्द्वानी के तीन पानी बाइपास पर सड़क किनारे खड़ी गाड़ी में मिला था. पुलिस की जांच में सामने आया कि अंकित चौहान कार की पिछली सीट पर मृत पड़ा हुआ था, जबकि उसकी कार का एसी (AC) भी चला हुआ था. पहले पुलिस अंकित की मौत का कारण कार में दम घुटना मान कर रही थी, लेकिन बाद में जब चौंकाने वाली डिटेल सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई. दरअसल, अंकित के दोनों पैरों पर सांप के काटने के निशान मिले थे, जिससे पुलिस का शक गहराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि अंकित चौहान को किसी जहरीले सांप ने काटा है. परिवार वाले भी हत्या का आरोप लगा रहे थे. अंकित चौहान की मौत में नया मोड़ सामने आने के बाद मृतक की बहन ईशा चौहान ने हत्या का मामला दर्ज कराया.

 पुलिस में तहरीर देते हुए ईशा चौहान ने कहा है कि 14 जुलाई को उसका भाई अंकित अपने छोटे भाई को बताकर गया था कि वो माही और दीप कांडपाल से मिलने जा रहा है, जिसके बाद वो घर नहीं लौटा और उसका शव 15 जुलाई को कार में पिछली सीट पर मिला.

पुलिस के अनुसार, गोरापड़ाव निवासी अंकित की गर्लफ्रेंड माही ने अपने दोस्त दीप कांडपाल के साथ हत्या की पूरी साजिश रची. माही ने अंकित को अपने घर बुलाया और सपेरे के साथ मिलकर कोबरा सांप से उसको कटवाया, जिसके बाद अंकित बेहोश हो गया. 14 जुलाई की रात को बेहोशी की हालत में अंकित को गोला बाईपास पर सड़क किनारे खड़ी उसकी कार में डाला गया. कार में एसी चलाकर उसे लॉक कर दिया गया, जिससे मामला हत्या न लगे.

पुलिस की जांच में सामने आया कि पूरे मामले में माही और उसका दोस्त दीप कांडपाल उधमसिंह नगर से एक सपेरे को लेकर आए थे, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया. इस हत्याकांड में माही के घर के नौकर-नौकरानी भी शामिल रहे. हल्द्वानी में होटल कारोबारी अंकित चौहान का माही की जिंदगी में लगातार दखल बढ़ रहा था। इससे परेशान माही ने अपने प्रेमी दीप कांडपाल के साथ अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पहले आठ जुलाई को अंकित के बर्थडे पर सांप से डसवाने की योजना थी, लेकिन सपेरा जो सांप लाया वह कम जहरीला था, इसलिए रणनीति बदलनी पड़ी। इसके बाद 14 जुलाई की रात शराब में नींद की गोली मिलाई और जहरीले कोबरा से कटवाकर अंकित की हत्या कर दी गई। पुलिस पूछताछ में सपेरे रमेश नाथ ने बताया कि योजना के तहत शुक्रवार की रात करीब छह बजे माही ने अंकित को घर बुलाया। उसे नींद की गोली मिलाकर शराब पिलाई जिससे वह अर्द्धमूर्छित हो गया।उसके बाद उसे बेड पर उल्टा लिटाया गया। होश में आकर अंकित विरोध न करने लगे, सांप से डसवाने से पहले एक ने उसके हाथ, दो ने उसके पैर पकड़े और चौथा अंकित की पीठ पर बैठ गया। उसके बाद सपेरे रमेश ने कोबरा से अंकित के एक पैर पर डसवाया। 10 मिनट इंतजार किया। अंकित के शरीर में हलचल होती रही। इसके बाद दोबारा से दूसरे पैर पर डसवाया गया।

पुलिस के अनुसार, अंकित की माही से चार साल से दोस्ती थी। दोनों में प्रेम प्रसंग था। दो साल पहले हल्दूचौड़ नया बाजार निवासी दीप कांडपाल माही की जिंदगी में आया। दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। माही अंकित की आदतों से परेशान हो गई थी। वह कई बार अंकित को छोड़ने की योजना बना चुकी थी। अंकित से वह कई बार मना कर भी चुकी थी लेकिन उसने उसके घर आना नहीं छोड़ा।

एसएसपी पंकज भट्ट के अनुसार, अंकित आए दिन माही के घर पर जाता था। वहां वह पीता-खाता भी था और गाली-गलौज भी करता था। इससे माही परेशान होने लगी। 10 दिन पूर्व माही अंकित के घर पहुंची थी। उसने वहां जमकर हंगामा काटा था। इसके बाद भी अंकित का उसके घर आना-जाना लगा रहा।

पुलिस सपेरे रामनाथ को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि माही, दीप कांडपाल और नौकरी-नौकरानी अभी फरार चल रहे हैं. पूरे मामले की पुलिस जल्द खुलासा करने जा रही है. बताया जा रहा है कि माही और उसका दोस्त दीप कांडपाल के बीच नजदीकी बढ़ने लगी थी और उन दोनों के बीच अंकित आ रहा था. माही और उसका दोस्त दीप कांडपाल ने अंकित को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *