Skip to main content

Nirbhik Nazar

सुनार का सवा दो करोड़ का सोना लेकर भागने वाले फरार कर्मचारी गिरफ्तार, घर मे गाड़ दिया था सोना, पढ़ें पूरा मामला

नई दिल्ली: सवा दो करोड़ का सोना और 80 हजार रुपये लेकर फरार कर्मचारी व उसके सहयोगियों को करोल बाग थाना पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जूलर का सोना ले जाकर पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर में गाड़ दिया था। पुलिस ने वहां से तीन किलो सोना बरामद किया है। बाकी आरोपियों के पास से 17 लाख रुपये और भारी मात्रा में सोना बेचकर खरीदा गया सामान बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान अपू भुनिया उर्फ ऋषि व इसके दो अन्य साथी अक्षय रस्तोगी और शुएब के रूप में हुई है। आरोपियों ने एक किलो सोना ठिकाने लगा दिया है।

पुलिस तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। दो माह तक कड़ी मेहनत और चार राज्यों में 1700 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपियों को काबू किया गया है। एक आरोपी ने तो चोरी किए सोने को बेचकर अपना मकान बनाने के अलावा उससे जेवरात भी खरीद लिए थे। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि 10 मई को पूसा रोड निवासी सुनील अनेजा नामक जूलर ने करोल बाग थाने में शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि उनका कर्मचारी अपू भुनिया चार किलो सोना और 80 हजार रुपये लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

जांच के लिए एसआई विक्रम सिंह, हवलदार मोनू, मनोज कुमार व पंकज की टीम का गठन किया गया। आरोपी का पुराना नंबर बंद आ रहा था। पुलिस ने सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म की जानकारी जुटाई। इसके अलावा उसके दोस्तों, रिश्तेदारों, गर्लफ्रेंड व अन्यों को खंगाला गया, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा। इस बीच 10 जुलाई को अपू की गर्लफ्रेंड ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिये उसे कॉल किया है। पुलिस ने इसके आधार पर आरोपी को देहरादून के पास एक पीजी से दबोच लिया। उससे पूछताछ के बाद बाकी दोनों आरोपियों को दिल्ली से दबोच लिया गया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *