Nirbhik Nazar

अंकिता भंडारी हत्याकांड को हुआ 1 साल, परिजनों ने कहा – नहीं मिला ‘न्याय’, ‘सिस्टम’ पर उठाये सवाल…

पौड़ीः अंकिता भंडारी प्रकरण को एक साल हो चुका है. अंकिता हत्याकांड के एक साल बाद भी उसके माता-पिता के आंखों में आंसू हैं. अंकिता के माता-पिता आज भी बेटी खोने के दर्द से जूझ रहे हैं. एक साल होने बाद भी अंकिता के माता-पिता अपनी लाडली को याद कर आज भी फफक-फफक कर रो पड़ते हैं. अंकिता के माता-पिता की आंखें अब केवल न्याय मिलने की राह देख रही हैं.

किसे पता था कि पढ़ा-लिखाकर जिस बेटी को समाज में जीने लायक बनाया, उसी समाज ने उसे मौत के घाट उतार दिया. यह कहना है कि दिवंगत अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी का. इकलौती बेटी को याद कर आज भी पिता की आंखें नम हो जाती हैं. करीब एक साल पहले पौड़ी जिले के डोभ श्रीकोट निवासी वीरेंद्र भंडारी की इकलौती बेटी अंकिता यमकेश्वर के वनंत्रा रिजॉर्ट से गुम हो गई थी. पिता वीरेंद्र भंडारी ने बताया कि लाडली बेटी को खो देने का गम आज तक उनको सता रहा है. लाडली के साथ ऐसा हादसा होगा, इस बात को याद करके भी रूह कांप जाती है.

सिस्टम का नहीं मिला साथ

दिवंगत अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी बताते हैं कि बेटी को खो जाने का गम तो जीवन भर रहेगा, लेकिन सिस्टम का उन्हें साथ नहीं मिला. कहा कि सरकार ने अंकिता के गांव तक सड़क पहुंचाने व बेटे को सरकारी नौकरी देने का भी भरोसा दिया था. लेकिन एक साल होने को है. ये दोनों ही बातें आज तक पूरी नहीं हुई. सरकार ने डोभ श्रीकोट के नर्सिंग कॉलेज का नाम बेटी के नाम पर रखने का निणर्य तो लिया है. लेकिन आज तक भी ग्रामीणों को डोभ श्रीकोट से उनके घर तक करीब 3 किमी सड़क का इंतजार है.

धामी सरकार ने परिवार को दिया साथ का भरोसा

बता दें बीते रोज ही सीएम धामी ने श्रीनगर के श्रीकोट स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ का नाम बदलकर अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज करने की घोषणा की. इस दौरान सीएम धामी ने कहा हम अंकिता के परिवार के साथ खड़े हैं. राज्य की हर बेटी का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. अंकिता हत्याकांड में धामी सरकार मुआवजे का ऐलान किया. आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी करवाई. इसके साथ परिवार को भी हर संभव मदद का भरोसा दिया, मगर परिवार अंकिता हत्याकांड की धीमी गति से हो रही जांच, सुनवाई, वीवीआईपी के नाम के खुलासे की मांग पर अड़ा है

कांग्रेस करेगी कैंडल मार्च

वहीं कांग्रेस ने दिवंगत अंकिता प्रकरण के एक साल पूरे होने पर न्याय यात्रा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया है. कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि पौड़ी की बेटी अंकिता की आत्मा की शांति के लिए कांग्रेस की ओर से कैंडल यात्रा निकाली जाएगी, जो कि पूरे शहर में आयोजित की जाएगी. उन्होंने इसमें सभी शहरवासियों से शामिल होने की अपील की है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *