Nirbhik Nazar

दुबई में फंसे उत्तराखंड के युवक, वीडियो वायरल कर धामी सरकार से लगाई मदद की गुहार

देहरादून: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने का सिलसिला थमा नहीं रहा है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के युवकों को दुबई में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। फंसे लोग एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर धामी सरकार से गुहार लगाते नजर आ रहे हैं। अब युवकों के परिजनों ने भी सीएम पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है।

उत्तराखंड के तीन युवक और उत्तर प्रदेश के दो युवकों को दुबई में बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवकों के साथ-साथ परिजनों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है। रोजगार की तलाश में दुबई गए पांच युवक काम न मिलने पर फंस गए हैं। इन युवकों ने परिजनों से बात कर उन्हें वापस भारत बुलाने को कहा है। परिजनों ने जब दुबई भेजने वाले एजेंटों को मामला बताया तो उन्होंने डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इस पर एक युवक के परिजन ने विदेश मंत्रालय और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर युवकों को वापस बुलाने की गुहार लगाई है।

उत्तराखंड बॉर्डर पर बसे गांव रायपुरी निवासी शीला देवी ने बताया कि दो माह पहले ग्राम अंगदपुर हाल निवासी दिल्ली के दो एजेंटों ने उनके पुत्र अमित कुमार, दिलशाद निवासी रायपुरी, मोहसिन निवासी ग्राम अंगदपुर, नीरज और अभिषेक पुत्र हरिराज निवासी कौड़िया गांव (पौड़ी गढ़वाल) को दुबई भेजा था। एजेंटों ने दुबई के शारजाह की सनिया स्थित एक कंपनी में पांचों युवकों को कारपेंटर के रूप में काम दिलाने का वादा किया था, लेकिन वहां पर उन्हें कारपेंटर का काम नहीं मिला।

कंपनी के अफसरों ने सभी युवकों के पासपोर्ट जब्त कर लिए। साथ ही उन्हें मजदूरी के पैसे भी नहीं दिए। इसके चलते युवकों को खाने के लाले पड़ गए हैं। अब युवकों के परिजनों ने सरकार से गुहार लगाई है कि उनके बच्चो को सकुशल वापस घर पहुंचाया जाए।

मोहसिन के पिता मोहम्मद रफी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के धामपुर का निवासी परविंदर सिंह एजेंट ने मोहसिन को फर्जी तरीके से दुबई भेज दिया। दुबई में मोहसिन का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है। दुबई में काम करते हुए दो महीना हो गया है, लेकिन न ही कोई पैसा मिल रहा है और न ही खाने के लिए खाना। हम सरकार से मांग करते हैं कि जितने भारतीय दुबई में फंसे हुए हैं, उन्हें भारत सरकार हिंदुस्तान वापस लाया जाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है। जिले के कुछ युवक दुबई में फसे हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि विदेश न जाएं। पहले पूरी जानकारी लें, उसके बाद विदेश जाएं। कुछ ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं कि गलत तरीके से लोगों को विदेश भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर ऐसे एजेंटों पर शिकंजा भी कसा जा रहा है। जिला अध्यक्ष बोले जो लोग विदेश में फंसे हुए हैं, उनके परिवार से बातचीत कर उनकी हर संभव मदद की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *