Nirbhik Nazar

‘तुम्हारे बस का नहीं यहां पढ़ना, गांव में एडमिशन लो…’, टीचर की प्रताड़ना से तंग छात्र ने छोड़ दी कोचिंग, दर्ज कराई FIR

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोचिंग सेंटर में टीचर की प्रताड़ना से परेशान छात्र ने FIR दर्ज करवाई है. छात्र का कहना है कि उसे कोचिंग सेंटर के टीचर मानसिक रूप से परेशान करते थे. कहते थे कि यहां पढ़ना तुम्हारे बस का नहीं है, गांव जाकर एडमिशन लो. यहां तक कि जब छात्र ने कोचिंग सेंटर वालों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने उसे और उसके पिता को वहां से निकाल दिया.

मामला लखनऊ के हजरतगंज का है. प्रतापगढ़ के रहने वाले गयासुद्दीन ने अपने बेटे अकीब का यहां रामकुमार प्लाजा स्थित कोचिंग सेंटर कैलिबर इंडिया प्रोग्रेसिव लरनिंग में एडमिशन करवाया था. उन्होंने कोचिंग सेंटर में 30 हजार रुपए जमा करवाए थे. लेकिन तीन से चार दिन के बाद उन्होंने महसूस किया कि उनका बेटा काफी उदास रहने लगा है.

बेटे से उदासी की वजह पूछी तो हैरान रह गए. अकीब ने बताया कि कोचिंग सेंटर का टीचर रोहित श्रीवास्तव उसे परेशान करता है. कहता है कि यहां पढ़ना उसके बस का नहीं है, कहीं गांव जाकर एडमिशन ले लो. अकीब ने बताया कि न तो रोहित उसके कोई सवाल का जवाब देता है और न ही ठीक से बात करता है. इस बात की शिकायत लेकर अकीब के पिता जब कोचिंग सेंटर पहुंचे तो वहां संचालिका किरण ने उल्टा उनसे ही बदतमीजी शुरू कर दी.

इस पर अकीब के पिता ने कहा कि वे उनके पैसे लौटा दें. लेकिन कोचिंग वालों ने उन्हें वहां से भगा दिया. परेशान होकर अकीब ने पिता के साथ जाकर हजरतगंज थाने में मामला दर्ज करवाया.

DCP सेंट्रल जोन अपर्णा रजत कांस्य के मुताबिक, पीड़ित छात्र की तहरीर पर कोचिंग सेंटर की संचालिका किरण और रोहित श्रीवास्तव समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *