Nirbhik Nazar

अब तक 94 हजार करोड़ के करार, 2.5 लाख करोड़ का लक्ष्य पूरा करने की ओर अग्रसर धामी सरकार, अब धामी का मुंबई दौरा…पढ़ें पूरी खबर…

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन को लेकर निवेशकों में उत्साह है। बड़ी संख्या में निवेशक उत्तराखंड में निवेश करने के लिए आकर्षित हुए हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, दुबई, चेन्नई, बेंगलुरु तथा अहमदाबाद में विभिन्न औद्योगिक समूहों के साथ बैठकें हुई हैं। इनमें अब तक 94 हजार करोड़ के निवेश करार किए गए हैं। हाल ही में अहमदाबाद में हुए रोड शो में 24 हजार करोड़ से अधिक के निवेश करार किए गए।

गुरुवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन को लेकर सरकार लगातार निवेशकों से संवाद कर रही है। इन बैठकों में पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, फार्मा, कृषि, ऊर्जा, लाजिस्टिक, इंफ्रास्ट्रक्चर व सेवा क्षेत्र में निवेश को लेकर करार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मुंबई में भी निवेशकों के साथ संवाद व रोड शो का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास आठ व नौ दिसंबर को देहरादून में प्रस्तावित निवेशक सम्मेलन तक प्राप्त सभी करारों को धरातल पर उतारने का है। इस संबंध में जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं, उन पर कार्य किया जा रहा है।

राज्य हित में उपयोगी प्रस्तावों का भी गहनता से अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निवेश के साथ ही स्थानीय निवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने वाले और प्राथमिक सेक्टर को मजबूती देने वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर प्रोत्साहित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन का विषय पीस टू प्रोस्पेरिटी रखा गया है। टूरिज्म, वेलनेस और सेवा क्षेत्र उद्योग के साथ उत्तराखंड में अनेक नए एवं गैर परंपरागत उद्योगों को विकसित किया जा रहा है। उत्तराखंड देश के प्रमुख फार्मा हब के रूप में स्थापित हो रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि निवेशक उत्तराखंड में निवेश करें ताकि यहां के औद्योगिक विकास को गति मिल सके।

राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा एक एतिहासिक दिन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राममंदिर में राम मंदिर का सपना हर भारतीय ने देखा है। यहां प्राण प्रतिष्ठा का दिन हर रामभक्त व राष्ट्र भक्त के लिए एतिहासिक है। हर कोई इसका साक्षी बनना चाहता है। विपक्ष द्वारा इसे केवल भाजपा का कार्यक्रम बनाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि जो भी भगवान रामलला के दर्शन करने आना चाहता है, उसे कौन रोक सकता है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के वीडियो संदेश संबंधी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों में केवल तुष्टिकरण की राजनीति की है। देश के अंदर अब सशक्तीकरण हो रहा है। न्याय के आधार पर काम हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने का काम हो रहा है। विपक्ष इसे सहन नहीं कर पा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *