Nirbhik Nazar

शादी में नहीं मिली गर्म रोटी, गुस्साए बारातियों ने हलवाई पर उड़ेला खौलता तेल

बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खबर है कि बदायूं के मूसाझाग क्षेत्र के एक गांव में शादी हो रही थी। गाजे-बाजे के साथ बारात आई थी और खूब स्वागत भी हुआ। लेकिन जब बारी खाने की आई तो कुछ बारातियों को गर्म रोटी नहीं मिल पाई। फिर क्या था, गुस्से से तमतमाए बारातियों ने हलवाई पर खौलता गर्म तेल उड़ेल दिया। इसके बाद हलवाई बुरी तरह झुलस गया और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देर रात होने की वजह से बुझा था तंदूर

जानकारी मिली है कि एक शादी के दौरान गर्म रोटी न मिलने से नाराज बारातियों ने हलवाई पर कथित तौर पर खौलता हुआ तेल उड़ेल दिया। गम्भीर रूप से झुलसे हलवाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मूसाझाग थाना क्षेत्र निवासी पन्नालाल की बेटी की 29 नवंबर को शादी थी। बारात कासगंज जिले के थाना सोरों क्षेत्र के लहरा गांव से आई थी। इस दौरान देर रात दूल्हे के चाचा इंद्रपाल पाली समेत कुछ लोग खाना खाने बैठे। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने रोटी गर्म मांगी लेकिन चूंकि देर हो जाने की वजह से तंदूर बुझ चुका था, इसलिये वेटर ने गर्म रोटी नहीं होने की बात कही।

हलवाई ने आने से मना किया तो उड़ेला तेल

इस पर इंद्रपाल समेत और उसके तीन दोस्त भड़क गए और गालीगलौज करते हुए हलवाई को बुलाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि हलवाई राजेश उस समय दुल्हन की विदा के वक्त बारातियों को नाश्ता आदि बनाने की तैयारी कर रहा था। ऐसे में उसने आने से इंकार कर दिया। इस पर तैश में आये इंद्रपाल और उसके दोस्तों ने मौके पर पहुंचकर राजेश पर कढ़ाही में खौल रहा तेल उड़ेल दिया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गये।

हलवाई की हालत नाजुक, आरोपी फरार

सूत्रों ने बताया कि हलवाइयों के ठेकेदार तरुण ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राजेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक बतायी जाती है। मूसाझाग थाना के थानाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी बारातियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *