Nirbhik Nazar

45 करोड़ की संपत्ति, राज मिस्त्री से अफेयर और पति का कत्ल… टीचर के बेटे ने पुलिस को क्या-क्या बताया

कानपुर: यूपी के कानपुर में 45 करोड़ की संपत्ति के मालिक सरकारी टीचर राजेश गौतम की हत्या टीचर की पत्नी पिंकी ने ही करवा दी. पिंकी का एक राज मिस्त्री से अफेयर चल रहा था. इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इस घटना को लेकर पुलिस ने टीचर राजेश गौतम के बेटे से बात कर जानकारी ली है. इसमें राजेश के बेटे ने पुलिस को बताया है कि घटना वाले दिन वह भी पिता के साथ सुबह को वॉकिंग के लिए जा रहा था, लेकिन मां ने उसे घर के बाथरूम में बंद कर दिया था.

बता दें कि टीचर राजेश गौतम ने कानपुर के कोयला नगर में साल 2021 में अपने प्लॉट पर निर्माण शुरू कराया था. इसके लिए राजेश ने राज मिस्त्री शैलेंद्र सोनकर को काम पर रखा था. निर्माण कार्य के सिलसिले में शैलेंद्र का राजेश के घर पर भी आना जाना होता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात राजेश की पत्नी पिंकी से हुई. पिंकी देखने में सुंदर थी, उसने बीएड कर रखा था. शैलेंद्र मन ही मन पिंकी को पसंद करने लगा. उसके हावभाव देख पिंकी यह बात समझ गई. धीरे धीरे पिंकी ने भी शैलेंद्र से बात करना शुरू कर दिया और दोनों के बीच अफेयर चलने लगा.

शैलेंद्र सोनकर अक्सर राजेश की गैर मौजूदगी में पिंकी के घर पर जाकर गुलछर्रे उड़ाता था. जब यह बात राजेश को पता चल गई तो राजेश ने शैलेंद्र के घर आने पर रोक लगा दी. इससे राजेश की पत्नी पिंकी तिलमिला गई. पिंकी और राजेश के बीच इस अवैध संबंध को लेकर अक्सर झगड़ा होने लगा. जब विवाद बढ़ा तो पिंकी ने शैलेंद्र के साथ मिलकर राजेश को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

इसके बाद पिंकी ने एक बार राजेश को खाने में जहर भी दे दिया, लेकिन अस्पताल में चले इलाज के बाद राजेश की जान बच गई. इसके बाद पिंकी ने राजेश की हत्या की भी सुपारी दी थी, लेकिन उस समय सुपारी लेने वाला पैसे लेकर भाग गया था.

चार लाख रुपये में सुपारी देकर पिंकी ने करवा दी पति की हत्या

इस बार पिंकी ने शैलेंद्र के साथ मिलकर चार लाख रुपये में राजेश की हत्या की सुपारी दी. पिंकी ने प्लान बनाया कि राजेश की हत्या को हादसे का रूप दिया जाए, ताकि राजेश के नाम पर तीन करोड़ का बीमा क्लेम उसे मिल सके. राजेश सरकारी शिक्षक होने के साथ साथ प्रॉपर्टी का भी काम करते थे.

बीते चार नवंबर को जब राजेश घर से टहलने निकले तो शैलेंद्र और सुपारी लेने वालों ने उन्हें कार से कुचल दिया था. इस मामले को पुलिस एक्सीडेंट ही मान रही थी, लेकिन राजेश के भाई ने हत्या की बात पुलिस से कही. इसके बाद एक सीसीटीवी मिला, जिसमें राजेश को कुचलने वाली कार पीछा करते हुए नजर आई. इसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने पिंकी की कॉल डिटेल निकलवाई और उसमें पता चला कि घटना वाले दिन पिंकी ने शैलेंद्र सोनकर से बात की थी. इसके बाद पुलिस ने शैलेंद्र को पकड़कर पूछताछ की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया.

पुलिस के अनुसार, राजेश गौतम और पिंकी के दो बेटे हैं. जब राजेश के बेटे से पुलिस ने बात की तो उसने बताया कि घटना वाले दिन वह पापा के साथ वॉकिंग के लिए जा रहा था, लेकिन मां ने उसे घर के बाथरूम में बंद कर दिया था.

राजेश के 9 साल के बेटे ने पुलिस को क्या बताया?

राजेश के 9 साल के बेटे ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर को जब मेरे पिताजी का कत्ल हुआ था, उस दिन अपने पापा के साथ जाने के लिए मैं सुबह कपड़े पहनकर तैयार हो गया था. मैं बाहर तक पहुंच भी गया था, तभी मां ने मुझे बहाने से अंदर बुलाया और बाथरूम में ले जाकर मुझे बाहर से बंद कर दिया था. मैं अंदर से चिल्ला रहा था कि मुझे पापा के साथ जाना है, लेकिन वह कहने लगीं कि तुम्हें पढ़ाई करनी है, तुम्हें नहीं जाना है, जबकि पापा चले गए.

घटना को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले की जांच कर रहे सैनपारा थाने के इंचार्ज पवन कुमार का कहना है कि पिंकी ने सुपारी देकर अपने प्रेमी शैलेंद्र के साथ मिलकर पहले से तय कर रखा था कि पति को गाड़ी से कुचलकर मार डालना है. पति के घर से निकलते ही उसने शैलेंद्र को फोन कर सूचना दी थी. शायद एन वक्त पर उसे लगा होगा कि बेटे को मरवाने से क्या फायदा, इसलिए उसने बेटे को जबरदस्ती घर के अंदर बुलाकर बाथरूम में बंद कर दिया था.

 

साभार – आज तक

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *