Nirbhik Nazar

देहरादून जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाइट शुरू, सीएम धामी के प्रयास से जुड़े कुमाऊं-गढ़वाल

देहरादून: स्थानीय लोगों की मांग और तीर्थ यात्रियों की इच्छा को देखते हुए देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए फ्लाइट शुरू कर दी गई है। आज मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून-पिथौरागढ़ फ्लाइट का एयरपोर्ट टर्मिनल से शुभारंभ किया। इसके बाद 10:10 बजे फ्लाई बिग के 18 सीटर विमान ने देहरादून एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी।

पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कुल 15 लोगों ने देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरी। फ्लाई बिग को बीते जुलाई महीने में इस फ्लाइट को शुरू किया जाना था, लेकिन डीजीसीए से एप्रुवल नहीं मिलने के कारण और कंपनी के अपने निजी कारणों के चलते इस फ्लाइट को शुरू नहीं किया जा सका।डीजीसीए ने इस फ्लाइट के कई ट्रायल के बाद मंजूरी दी है। इसके बाद आज इस फ्लाइट को शुरू कर दिया गया है। इस फ्लाइट की शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं हवाई मार्ग से आपस में जुड़ गए हैं।

स्थानीय लोगों की बढ़ेंगी आय

इससे पर्यटन, तीर्थाटन के अलावा व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की संभावनाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्त की है। सीएम धामी के अनुसार हवाई सेवा शुरू होने से जहां स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन करने आने के लिए तीर्थयात्रियों को सुविधा मिलेगी। सीएम धामी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों के फलस्वरुप आज बहुप्रतीक्षित पिथौरागढ़-देहरादून हवाई सेवा का शुभारंभ हो चुका है। इस हवाई सेवा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं इसके माध्यम से सीमांत क्षेत्र का पर्यटन भी और अधिक विस्तारित होगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका में वृद्धि होगी।

सस्ती विमान सेवा

देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच सालों से चली आ रही लोगों की सस्ती विमान सेवा की मांग को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखा के पूरा कर दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जौली ग्रांट एयरपोर्ट से विमान से पिथौरागढ़ गए और नैनी-सैनी हवाई अड्डे पर उड़ान का उद्घाटन करने के बाद उसी विमान से लौटे। मुख्यमंत्री धामी ने लोगों का जोश देख अपने साथ मौजूद सचिव शैलेश बगौली को हाथों-हाथ अगला लक्ष्य पिथौरागढ़-हिंडन (गाजियाबाद) उड़ान सेवा शुरू करने का काम थमा दिया।

पिथौरागढ़ पर्यटन का नया केंद्र

पीएम नरेंद्र मोदी की पिथौरागढ़ यात्रा और आदि कैलाश दर्शन के बाद चीन और नेपाल से सटे खूबसूरत सोर घाटी के प्रति लोगों और सैलानियों का आकर्षण बहुत बढ़ गया है। दिल्ली से दूर होने के चलते चाहकर भी सैलानी विमान सेवा के अभाव में इस पहाड़ी शहर में नहीं जा पा रहे थे। देहरादून से विमान सेवा शुरू होने और हिंडन से भी शुरू होने पर पिथौरागढ़ पर्यटन, पर्यटकों का नया और प्रमुख केंद्र बनेगा।

तीन दिन से होगी पांच दिन

पहले पिथौरागढ़ से देहरादून, दिल्ली जाने में 17 घंटे लगते थे। पीएम मोदी के प्रयास से ऑल वेदर सड़क बनने पर ये अवधि घट के 11 घंटे हो गई। हवाई सेवा प्रारंभ होने के बाद अब 1 घंटे में देहरादून पहुंच सकते हैं। यह हवाई सेवा पिथौरागढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यह सेवा अभी सप्ताह में तीन दिन के लिए शुरू हुई है। मुसाफिरों की संख्या बढ़ने पर इसे हफ्ते में 5 दिन किया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *