Nirbhik Nazar

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा धार्मिक प्रचार नहीं करें प्रत्याशी, झंडा घर में लगाया तो उम्मीदवार के खाते में जुड़ेगा बिल, सुनें बयान : Video

देहरादून: उत्तराखंड में आज से लोकसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन आरंभ हो चुके हैं. चुनावी सरगर्मी के बीच उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने राजनीतिक पार्टियों, प्रत्याशियों और प्रत्याशियों के समर्थकों की जानकारी के लिए कई जरूरी बातें कही हैं. इनमें प्रचार, प्रचार खर्च और कोड ऑफ कंडक्ट को लेकर जरूरी अपील की गई है.

सीईओ ने कहा धार्मिक प्रचार नहीं करें

उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि यह अच्छी बात है कि चुनाव और त्यौहारी सीजन एक साथ चल रहे हैं. हम सभी राजनीतिक दलों से आग्रह कर रहे हैं कि वे किसी भी तरह का धार्मिक प्रचार न करें. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि मीडिया मॉनिटरिंग सर्टिफिकेशन कमेटी द्वारा पारित करने के बाद ही अखबार या टीवी विज्ञापन दिए जा सकते हैं.

पार्टी का झंडा लगाया तो प्रत्याशी के नाम फटेगा बिल

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि कोई निजी व्यक्ति अपने घर पर किसी विशेष पार्टी या उम्मीदवार का झंडा लगाता है, तो वह पार्टी के खर्च में शामिल किया जाएगा. इसलिए दिशा निर्देश स्पष्ट हैं और हमने राजनीतिक दलों को सब कुछ स्पष्ट कर दिया है. उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसके साथ ही कहा कि चुनाव के दौरान निजी कार्यक्रमों जैसे जन्मदिन, विवाह समारोह, त्यौहारों पर कोई भी असर नहीं पड़ेगा. अगर किसी त्यौहार, होली मिलन, इफ्तार पार्टी आदि का राजनीतिक मंच के तौर पर प्रयोग किया गया, तो वह चुनाव के खर्च में जुड़ जाएगा. इन सब की निगरानी चुनाव आयोग की टीम करेगी.

शांतिपूर्ण चुनाव का दिलाया भरोसा

उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने कहा कि देहरादून में हमेशा शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया रही है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. हम इसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं. हमारे पास लगभग 11,700 बूथ हैं. हमने उनमें से 1000-1200 को संवेदनशील बूथों के रूप में पहचाना है. उन्होंने कहा कि हमारे पास केंद्रीय अर्धसैनिक बल और राज्य पीएसी है, हम हर जगह शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करेंगे.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *