Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में BJP की जीत पर गदगद सीएम धामी, कांग्रेस पर ली चुटकी, पूछा-अब EVM ठीक है क्या?

देहरादूनः उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पर जश्न का माहौल है. भाजपा मुख्यालय पर आज सुबह से ही चुनाव परिणामों को लेकर पूरी तैयारी की गई थी. वहीं दोपहर बाद 3 बजे तक चुनाव परिणाम की स्थिति स्पष्ट होने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भाजपा कार्यालय पहुंचे और अपने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया.

देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर सीएम धामी ने चुनाव प्रबंधन समिति के सभी साथियों के अलावा पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही टिहरी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाली भाजपा प्रत्याशी माला राजलक्ष्मी शाह को भी उन्होंने बधाई दी.

मोदी के दिल में उत्तराखंड और उत्तराखंड के दिल में मोदी

भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिछले दो कार्यकाल में उत्तराखंड को विकास और जनकल्याण के लिए तमाम बड़ी योजनाएं दी. इससे उन्होंने दिखाया है कि उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में बसता है. इसी तरह उत्तराखंड में आए चुनाव परिणाम के जरिए उत्तराखंड के लोगों ने भी बता दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके दिलों में बसते हैं. यही वजह है कि उत्तराखंड से लगातार लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को समर्थन मिल रहा है.

उन्होंने उत्तराखंड की देव तुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों के आशीर्वाद के चलते नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. यह उत्तराखंड के भविष्य के लिए बेहद लाभकारी होगा.

सीएम धामी ने विपक्ष से पूछा सवाल

देश में आए चुनाव परिणाम पर टिप्पणी करते हुए सीएम धामी ने विपक्ष पर भी कटाक्ष किया. उन्होंने कहा कि हर बार चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष एक राग अलापने लग जाता था कि ईवीएम में गड़बड़ी है. उन्होंने विपक्ष पर चुटकी लेते हुए कहा, इस चुनाव परिणाम में विपक्ष की थोड़ी मजबूत स्थिति है, क्या इस बार ईवीएम खराब नहीं है?

आगामी लोकल चुनाव के लिए यह जीत बड़ी ऊर्जा

पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा को मिली यह प्रचंड जीत बताती है कि प्रदेश के लोगों में भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी को लेकर पूरी तरह से समर्पण है. आज के चुनाव परिणाम से आने वाले निकाय चुनाव और दो विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को 100 फीसदी बहुमत मिलने जा रहा है.

वहीं पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी चुनाव परिणाम पर सबको बधाई देते हुए कहा कि यह आने वाले चुनाव के लिए बेहद अच्छा संकेत है. उत्तराखंड में लोगों के दिल में भाजपा है. जिसका असर अब आगामी निकाय चुनाव और उपचुनाव में भी देखने को मिलेगा.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *