Nirbhik Nazar

एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए सीएम धामी, कहा -अंत्योदय के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाया, सिद्ध होगा विकसित भारत का संकल्प

दिल्ली / देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेता चुने जाने पर उत्तराखंड भाजपा में खुशी की लहर है। नई दिल्ली में एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तराखंड से गए सभी सांसदों ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंडवासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर भारत के मान-सम्मान और स्वाभिमान में अभूतपूर्व वृद्धि हुई। उन्होंने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब कल्याण और अंत्योदय के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाया। पीएम ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रहित में अनेक युगांतकारी निर्णय भी लिए जिसके फलस्वरूप युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों के उत्थान एवं सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उनके तीसरे कार्यकाल में देश विश्व की तीसरी मजबूत अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। निश्चित तौर पर आपकी दूरदर्शिता से देश तीव्र गति के साथ विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़कर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी पीएम मोदी को प्रदेश वासियों की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का देशवासियों का बेहतर निर्णय रहा। निश्चितरूप से उनका निर्णय पूर्व की भांति फलीभूत होने जा रहा है। पीएम मोदी ने 10 वर्ष के कार्यकाल मे भारत की छवि को विश्व पटल मजबूती से हर क्षेत्र मे उभारा और अमिट छाप छोड़ी। वहीं जन कल्याण की योजनाओं को अंत्योदय तक पहुंचाया।

तीसरी बार नेता चुना जाना ऐतिहासिक : बंसल

भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष व सांसद नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार सर्वसम्मति से भाजपा संसदीय दल, एनडीए संसदीय दल और लोक सभा के नेता चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताया और कहा कि नेहरू जी के बाद मोदी जी दूसरे व्यक्ति हैं, जिन्हें लगातार तीसरी बार देश की जनता ने देशसेवा के लिए सत्ता की बागडोर सौंपी है।

सांसद टम्टा ने सीएम से की मुलाकात

अल्मोड़ा लोकसभा सीट से निर्वाचित अजय टम्टा ने नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें चुनाव जीतने पर शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच समसायिक व राजनीतिक विषयों पर चर्चा भी हुई।

उत्तराखंड के सांसदों ने भी की शिरकत

एनडीए की बैठक में उत्तराखंड की पांचों लोस सीटों से निर्वाचित सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय टम्टा, अजय भट्ट और अनिल बलूनी शामिल हुए। इस दौरान ये सभी नेता एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *