Nirbhik Nazar

Modi 3.0 Cabinet: मोदी के तीसरे मंत्रिमंडल में उत्तराखंड को मिल सकती है हिस्सेसदारी, राज्यो के 300 से ज्यादा भाजपा नेता पहुंचे दिल्ली

देहरादून: Modi 3.0 Cabinet: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार के रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर उत्तराखंड की भी नजर टिकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि पिछली दो सरकारों की भांति इस बार भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य को प्रतिनिधित्व मिलेगा। उधर, उत्तराखंड के तीन सौ से ज्यादा भाजपा नेता मोदी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनेंगे। अधिकांश नेता रविवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष अनुराग

देवभूमि उत्तराखंड से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष अनुराग है। उनके पिछले 10 वर्ष के कार्यकाल में उत्तराखंड के विकास के लिए बड़ी संख्या में केंद्र पोषित परियोजनाएं राज्य को मिली हैं। राज्य की जनता भी वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के साथ मजबूती से खड़ी है।

यह इससे भी साबित होता है कि राज्य में लोकसभा की सभी पांचों सीटों पर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर भाजपा ने इतिहास रचा है। इसके साथ ही उत्तराखंड उन चुनिंदा राज्यों में है, जहां भाजपा ने इस बार हैट-ट्रिक लगाते हुए क्लीन स्वीप किया है। इसके साथ ही मोदी सरकार के पिछले दोनों कार्यकाल में केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तराखंड को स्थान मिलता आया है।

ऐसे में मोदी सरकार के रविवार को होने वाले तीसरे शपथ ग्रहण समारोह पर राज्यवासियों के साथ ही भाजपा की नजरें भी टिकी हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राज्य से विशेष लगाव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में राज्य को प्रतिनिधित्व मिलेगा।

उधर, मोदी सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर प्रदेश भाजपा में उत्साह है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले तक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या 150 के लगभग थी, जो अब 300 पार कर गई है।

पहले तय किया गया था कि राज्य की भाजपा सरकार के मंत्री व विधायक, सभी सांसद, राज्यसभा सदस्य, निवर्तमान सांसद, प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष दिल्ली जाएंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया कि अब ये तय किया गया है कि पार्टी के सभी सात मोर्चों के पदाधिकारी, विधानसभा व लोकसभा क्षेत्रों के विस्तारक भी दिल्ली जाएंगे। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वालों की संख्या बढ़कर सवा तीन सौ के लगभग पहुंच गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *