Nirbhik Nazar

आय से अधिक संपत्ति मामले में बढ़ी गणेश जोशी की मुश्किलें, कांग्रेस ने खोला मोर्चा, इस्तीफे की मांग की 

मसूरी: आय से अधिक संपत्ति मामले में घिरे कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं. प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांधी चौक पर एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ मौन व्रत रखा. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर गणेश जोशी को बचाने का आरोप लगाया है.

मसूरी में कांग्रेस का धरना- प्रदर्शन

कांग्रेस प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली और मसूरी कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भ्रष्टाचार में बुरी तरीके से लिप्त हैं. विजिलेंस ने मुख्यमंत्री से गणेश जोशी पर कार्रवाई करने के लिये अनुमति मांगी है, लेकिन मुख्यमंत्री अनुमति नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि मुख्यमंत्री और पूरी भाजपा सरकार कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के साथ भ्रष्टाचार में शामिल है. वहीं, अगर विजिलेंस को सरकार द्वारा कार्रवाई की अनुमति नहीं दी जाती, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी.

कांग्रेस ने गणेश जोशी के इस्तीफे की उठाई मांग

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को नैतिकता के आधार पर अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. गणेश जोशी ने मसूरी और आसपास के क्षेत्र में विकास किये जाने को लेकर जनता को गुमराह किया है, लेकिन धरातल पर मसूरी का विकास नहीं हो पाया है. आज मसूरी की सड़कों का बुरा हाल है और यहां पर कोई भी नया पर्यटन स्थल विकसित नहीं हो पाया है. शहर में सीवरेज परियोजना पूरी तरीके से फेल हो गई है, जिससे लोग परेशान हैं.

गोदावरी थापली गणेश जोशी से ऊपर

उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मसूरी लगातार पिछड़ रहा है, लेकिन इस संबंध में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को और प्रदेश सरकार को चिंता नहीं है. कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली के खिलाफ टिप्पणी करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि गोदावरी थापली उनके स्तर की नेता नहीं हैं उससे कई गुना ऊपर हैं, क्योंकि गोदावरी थापली द्वारा आज तक कोई भी भ्रष्टाचार नहीं किया गया है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *