ब्यूरो रिपोर्ट
नई दिल्ली: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की योजना है कि अगले दो सालों में देश के जरूरतमंदों को एक करोड़ से अधिक मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन दिए जाएं। पेट्रोलियम सचिव तरूण कपूर ने कहा कि सरकार अगले दो सालों में एक करोड़ और जरूरतमंदों को फ्री में LPG गैस कनेक्शन देगी। आपको बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस साल बजट पेश करते हुए उज्ज्वला स्कीम के तहत एक करोड़ और लोगों को LPG गैस कनेक्श देने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि उज्ज्वला योजना का विस्तार किया जाएगा और एक करोड़ लोगों को और इस दायरे में लाया जाएगा। गरीबी रेखा से नीचे अपना जीवन गुजारने वाले लोगों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत घरेलू रसोई गैस का कनेक्शन दिया जाता है। अब तक बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हुई हैं।

LPG उपभोक्ताओं की संख्या 29 करोड़ हुई
न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में पेट्रोलियम सचिव कपूर ने कहा कि सिर्फ चार वर्षों में गरीब महिलाओं के घरों में रिकॉर्ड आठ करोड़ मुफ्त LPG कनेक्शन दिए गए, जिससे देश में LPG उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर लगभग 29 करोड़ हो गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में घरेलू प्रदूषण से छुटकारा पाने और महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए सरकार दिन रात काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को जल्द ही केवल एक वितरक से बंधे होने के बजाय अपने पड़ोस में तीन डीलरों से एक रिफिल सिलेंडर प्राप्त करने का विकल्प मिलेगा।
ऐसे करें एप्लाई
उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन लेने के लिए BPL परिवार से कोई भी महिला अप्लाई कर सकती है। इसके लिए KYC फार्म भरकर ननजदीकी LPG सेंटर में जमा करना होगा। अप्लाई करते समय आपको यह बताना होगा कि आप 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर चाहती हैं या फिर पांच किलोग्राम का। उज्ज्वला योजना का फॉर्म आप प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं या फिर LPG सेंटर से भी मिल जाएगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए BPL कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर ID, पासपोर्ट साइज फोटो, राशन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट जैसे डॉक्यूमेंट्स होना जरूरी है।