Nirbhik Nazar

महाराष्ट्र में 300 करोड़ रुपये गबन का आरोपी बबन विश्वनाथ शिंदे मथुरा में साधु वेश में गिरफ्तार, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

मथुरा: महाराष्ट्र की पुलिस की एक टीम ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति 300 करोड़ रुपये के गबन का आरोपी है। स्थानीय पुलिस ने बताया है कि आरोपी को मथुरा जिले के कृष्ण बलराम मंदिर के समीप वृंदावन पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को मथुरा में साधु के वेश में गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं कि क्या है ये पूरा मामला।

साधु वेश में घूमता मिला आरोपी

महाराष्ट्र से अरबों रुपये के गबन के गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीड जिले के निवासी बबन विश्वनाथ शिंदे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया है कि बीड जिले से पुलिस की टीम बबन शिंदे की गिरफ्तारी के लिए मथुरा आई थी। काफी तलाश करने के बाद वह अंग्रेजों के मंदिर के निकट साधु वेश में घूमता मिला। आपको बता दें कि कृष्ण बलराम मंदिर को ‘अंग्रेजों के मंदिर’ के नाम से भी जाना जाता है।

स्थानीय पुलिस की मदद से पकड़ा गया

पुलिस ने बताया है कि छानबीन में जानकारी मिली कि आरोपी शिंदे मथुरा में करीब एक साल से साधु की वेशभूषा में रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस की टीम उसे यहां मंदिरों, आश्रमों, होटल, गेस्ट हाउस आदि में तलाश रही थी। पुलिस के अनुसार शिंदे भेष बदल कर रह रहा था। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने मथुरा पुलिस की अपराध शाखा एवं वृन्दावन पुलिस का सहयोग लिया तो आरोपी जल्द ही मिल गया।

क्या है आरोप?

शिंदे पर आरोप है कि उसने महाराष्ट्र के बीड जिले की ‘जिजाऊ मां साहेब मल्टी स्टेट बैंक’ में जमाकर्ताओं के तीन सौ करोड़ रुपये का गबन किया और वहां से फरार हो गया। उसके बाद वह साल भर से वृन्दावन आकर साधु के वेश में रह रहा था। शिंदे के खिलाफ महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी गबन के कई मामले दर्ज हैं जिनमें वह वांछित चल रहा था। पुलिस ने अदालत में पेश कर उसका ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और फिर उसे वापस महाराष्ट्र ले गई है।

(इनपुट: भाषा)

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *