Nirbhik Nazar

किसान नेता 5 राज्यों मे बीजेपी के खिलाफ करेंगे प्रचार, BJP प्रवक्ता बोले किसी को भी पार्टी के पक्ष या विरोध में अपील करने का पूरा अधिकार

ब्यूरो रिपोर्ट

नई दिल्ली: देश के पांच राज्यों में अगले माह से विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में भाजपा मजबूती से चुनाव मैदान में उतरी है। इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि वो पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देने की अपील करेंगे। भारतीय किसान यूनियन के बलबीर एस राजेवाल का कहना है कि हम पश्चिम बंगाल और केरल में चुनावों के लिए दल भेजेंगे। मोर्चा किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं करने वाला है। मगर लोगों से अपील करते हैं कि वे उन उम्मीदवारों को मतदान दें जो भाजपा को हरा सकने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हम लोगों को किसानों के प्रति मोदी सरकार के रवैये के बारे में बताएंगे।

राजेवाल ने कहा, ‘‘वर्तमान प्रदर्शन को तेज करने के तहत हम छह मार्च को केएमपी जाम कर देंगे।’’ इसके अलावा भारत बंद का आह्वान भी करने की तैयारी किसान नेता कर रहे है। बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि किसान सरकार पर दबाव बनाने में कामयाब हुए हैं और महापंचायतों के सहारे सरकार की पोल भी खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय संगठन सरकार से सवाल पूछने लगे हैं और सरकार बुरी तरह फंस गई है। किसान नेताओं ने साफ किया कि जिस तरह से अभी तक शांतिपूर्ण तरीके से यह आंदोलन चल रहा है, उसी तरह से आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चलता रहे। बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि आंदोलन को आगे किस तरीके से चलाया जाए, उसपर विचार हुआ है।  इसके अलावा संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से जारी विज्ञप्ति में किसान नेता डा. दर्शनपाल ने बताया कि सयुंक्त किसान मोर्चा द्वारा कई केंद्रीय मजदूर संगठनों के साथ मिलकर संघर्ष को मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है।

केंद्र की तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के आंदोलन के छह मार्च को 100 दिन पूरे हो जाएंगे। किसानों के नेताओं ने तय किया है कि पांच राज्यों के आगामी चुनावों के दौरान वे जनता से बीजेपी को हराने की अपील करेंगे। हालांकि नेताओं ने यह नहीं बताया है कि वे किसका समर्थन करेंगे। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने ऐलान किया है कि वे चुनावी राज्यों में अपने प्रतिनिधिमंडल भेजेंगे और जनता का आह्वान करेंगे कि वे बीजेपी को वोट न दें।

इस मुद्दे पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि “यह लोकतांत्रिक देश है। किसी को भी किसी पार्टी के पक्ष या विरोध में अपील करने का पूरा अधिकार है। हमें कोई आपत्ति नहीं है। हम जनता के साथ है।” उन्होंने कहा कि “अपील तो गुजरात में भी की गई थी, लेकिन वहां परिणाम बिल्कुल उलटा आया।”

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *