ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: आप सहप्रभारी राजीव चौधरी ने एक प्रेस बयान जारी करते हुए बताया है कि, आगामी 4 मार्च 2021 को आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक काशीपुर में आयोजित की जा रही है जिसमें आगामी चुनावों को लेकर मंथन,आप के सदस्यता अभियान की समीक्षा समेत कई मुद्दे होंगे जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी,सहप्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष , प्रदेश उपाध्यक्ष, संगठन मंत्री ,समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। आप सहप्रभारी ने बताया कि, 4 मार्च को काशीपुर में होने जा रही आप पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक, पार्टी के लिए काफी अहम होगी। उन्होंने बताया कि, इस कार्यकारिणी में जहां पार्टी की उत्तराखंड में चल रहे अभियानों पर चर्चा की जाएगी, वहीं प्रदेश में होने जा रहे आगामी विधानसभा चुनाव 2022 की रणनीतियों और मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
आप सहप्रभारी ने कहा उत्तराखंड में भी केजरीवाल सदस्यता अभियान को जनता का बेहद समर्थन मिल रहा है जिसको देखते हुए आने वाले समय में पार्टी और भी सक्रियता से जनता के बीच जाएगी । उन्होंने कहा,उत्तराखंड की जनता लंबे समय से बेहतर विकल्प की तलाश में थी जो अब आप के आने के बाद उनको लगता है यही बेहतर विकल्प है जिसके चलते लोग लगातार आप से जुड़ते जा रहे । आप की बढ़ती लोकप्रियता और जुड़ते जनाधार को देखते हुए आप का हर एक कार्यकर्ता उत्साहित है और पूरी ऊर्जा के साथ डोर टू डोर प्रोग्राम में शामिल होकर पार्टी की नीतियों को घर घर तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं ।

इसके अलावा उन्होंने सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि, आज प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से पूरी तरह परेशान हो चुकी है। जनता मंहगाई,रोजगार,पलायन,शिक्षा,स्वास्थय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से जूझ रही है ,लेकिन सरकार इन मुद्दों से पार पाने में नाकाम ही साबित हुई है। उन्होंने कहा कि, इस सरकार के कार्यकाल को 4 वर्ष पूरे हो चुके हैं लेकिन इन 4 वर्षों में सरकार की उपलब्धियां शून्य हैं। यहां के मुख्यमंत्री जीरो वर्क सीएम हैं। इस प्रदेश का दुर्भाग्य है कि, यहां के मुख्यमंत्री को मीडिया ने सबसे खराब मुख्यमंत्री का तमगा दिया है।
उन्होंने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों की सरकार जनता देख चुकी है, और अब जनता बदलाव चाहती है। उत्तराखंड में भी केजरीवाल अभियान से लाखों लोगों का जुडना, इस बात का संकेत है, कि लोग अब बदलाव के साथ उत्तराखंड में भी आप पार्टी की सरकार बनता, देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि, यहां की जनता ने क्षेत्रीय दल पर भी भरोसा जता कर देख लिया,लेकिन अफसोस कि, कोई भी दल जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम ही साबित हुआ। लेकिन अब बदलाव का समय आ चुका है। आज आप पार्टी लोगों के लिए सिर्फ एक विकल्प मात्र नहीं है, बल्कि आप पार्टी लोगों के लिए एक जरुरत बन चुकी है।