ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: आप प्रदेश प्रवक्ता संजय भट्ट ने एक बयान जारी करते हुए बजट राज्यपाल के अभिभाषण को सरकार का प्रोपोगेंडा करार दिया है। आप प्रवक्ता ने बताया कि इस अभिभाषण में ऐसा कुछ भी खास नहीं जो प्रदेश की जनता को बेहतर विकास की आधारशिला रखे । उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की जनता मंहगाई ,बेरोजगारी,पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रही है ,लेकिन प्रदेश सरकार को इससे कोई सरोकार नहीं है। वो अपने गुणगान पर लगी है जबकि हालत ये हैं कि बेरोजगार सड़कों पर आंदोलन को मजबूर हैं जनता महंगाई से त्रस्त है और सरकार आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज करवा रही है।
आप प्रवक्ता ने राज्यपाल के अभिभाषण पर तंज कसते हुए कहा कि, राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में सरकार के झूठे कसीदे पढे, जिनका वास्तिविकता से कोई लेना देना नही है। उन्होंने कहा कि हर बजट सत्र की तरह इस सत्र में भी सरकार ने जनता के लिए लोकलुभावन वादे किए हैं लेकिन धरातल पर उतारने के लिए सरकार के पास कोई ब्लूप्रिंट तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि 20 वर्षों से कई बजट यहां की जनता देख चुकी है ,लेकिन सरकार की नीतियों में अभाव के कारण या तो अकसर सरकारी बजट लैप्स हो जाता है या फिर उस बजट को ठिकाने लगा दिया जाता है।

आप प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार ने गैरसैंण को बीते वर्ष ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया था और मुख्यमंत्री ने यहां के लिए करोडों की योजनाओं की घोषणाएं भी की थी। लेकिन सरकार ये बताए कि ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किए जाने के बाद कितने अधिकारी और मंत्रियों ने गैरसैंण मे प्रवास किया।
आप प्रवक्ता ने कहा कि अभिभाषण में कई बातों का जिक्र किया गया लेकिन सरकार उनको धरातल पर कैसे उतारेगी इसका जिक्र नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि 20 वर्षों में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही दलों ने सिर्फ प्रदेश के बजट को ठिकाने लगाने का कार्य किया है। यही वजह है कि आज भी 20 वर्ष पूरे होने के बाद भी हमारा प्रदेश विकास की बाट जोह रहा है। उन्होंने कहा कि ये बजट र्सिफ एक छलावा है और इससे ज्यादा कुछ नहीं क्योंकि अब जनता को बहलाना आसान नहीं हैं।