ब्यूरो रिपोर्ट
पटना: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक विधायक ने विवादित बयान दिया है। बीजेपी विधायक पवन जायसवाल ने कहा कि बिहार में यूपी की तरह गाड़ी पलटनी चाहिए यानी कि विधायक जायसवाल एनकाउंटर मॉडल की तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, पिछले 2 दिन के अंदर बिहार में हत्या की तीन अलग-अलग घटनाओं ने सुशासन के दावे की पोल खोल दी है। नालंदा में बदमाशों ने एलआईसी के अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पटना सिटी में छेड़खानी का विरोध करने पर एक मां को गोली मारी गई। इसके अलावा छपरा में वार्ड मेंबर की हत्या कर दी गई। विधायक पवन जायसवाल ने टाइम्स नाउ से कहा कि बिहार में भी यूपी की तर्ज पर अपराधियों की गाड़ी पलट सकती है। इसके लिए उन्होंने उदाहरण देकर समझाया। उन्होंने कहा कि ‘विपक्ष को सवाल करने का औचित्य नहीं है, 2005 से पहले अपराधी इनके बगल में बैठते थे। आप देख रहे हैं सीतामढ़ी में अगर दारोगा की हत्या हुई तो वहां अपराधी की गाड़ी पलट गई। तो हमलोग ओपेन रूप से बता देना चाहते हैं कि अगर अपराधियों का स्पीड बढ़ेगा तो…गाड़ी का स्पीड अगर बढ़ता है तो ब्रेकर पर जाकर इनकी गाड़ी पलट जाएगी। जैसे उत्तर प्रदेश में पलटना शुरू हुआ था।’
#Breaking | Bihar BJP MLA Pawan Jaiswal stokes row by saying, 'If required, vehicles carrying criminals should overturn here also'. This was in reference to encounter of Vikas Dubey.
JD(U) responds; says there is an attempt to defame @NitishKumar's reputation.
Details by Shyam. pic.twitter.com/ujSX92vY97
— TIMES NOW (@TimesNow) March 4, 2021
इससे पहले बिहार विधानसभा में बीजेपी विधायक मिथिलेश कुमार ने बुधवार को कहा कि बिहार में एनडीए-1 (NDA-1) व एनडीए-2 (NDA-2) की सरकारों के बीच महागठबंधन की भी सरकार बनी थी। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद से कानून-व्यवस्था के हालात खराब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध पर नियंत्रण के लिए यूपी का योगी मॉडल लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार का अपराध नियंत्रण मॉडल पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए।

हाल के दिनों में बिहार में अपराध की कई बड़ी घटनाएं
विदित हो कि बीते कुछ समय से बिहार में अपराध की कई बड़ी घटनाएं हुईं हैं। हाल की बात करें तो शराब माफिया ने एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर दी। दो-तीन दिनों के दौरान राजधानी पटना, समस्तीपुर और बेगूसराय में लूट की कई घटनाएं हुईं हैं।
कानून-व्यवस्था को ले बीजेपी भी खड़े कर रही सवाल
बिहार में अपराध को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर रहा है। खास बात यह है कि राज्य की नीतीश सरकार में शामिल बीजेपी भी इसे लेकर समय-समय पर सवाल खड़े करती रही है। इसके पहले भी बीजेपी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर बीजेपी के नेता बयान देते रहे हैं।