Nirbhik Nazar

प्रियंका, जयंत, केजरीवाल के बाद अलीगढ़ में सपा की किसान पंचायत आज

ब्यूरो रिपोर्ट

लखनऊ: किसान आंदोलन के चलते पश्चिमी उत्तर प्रदेश में महापंचायतों का दौर शुरू हो गया है। सत्ताधारी बीजेपी के खिलाफ माहौल बनाने में विपक्षी दल जुट गए हैं। राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव किसान पंचायत के जरिए पश्चिम यूपी की सियासी समीकरण साधने के लिए उतर रहे हैं।

पश्चिमी यूपी की पहली समाजवादी पार्टी की किसान महापंचायत शुक्रवार को अलीगढ़ में होने जा रही है। महापंचायत पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल होंगे। गुरुवार को सपाई महापंचायत की तैयारी में देरशाम तक जुटे रहे। कृषि बिल को लेकर सपा ने किसानों के बीच 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जमीन तैयार करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को टप्पल इंटरचेंज पर सपा द्वारा किसान महापंचायत का आयोजन किया गया है। खुद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव महापंचायत में कृषि बिल को लेकर किसानों को संबोधित करेंगे। वह सैफई से सड़क मार्ग होते हुए दोपहर करीब डेढ़ बजे टप्पल इंटरचेंज पहुंचेंगे। जहां करीब डेढ़ घंटे तक महापंचायत को संबोधित करने के बाद एक्सप्रेस-वे से ही लखनऊ जाएंगे।

महापंचायत में पूर्व सीएम हर धर्म और जाति के प्रतिनिधि के तौर पर एक-एक किसान को मंच पर अपने हाथों से सम्मानित करेंगे। महापंचायत में करीब 20 हजार किसानों के बैठने की व्यवस्था की गई है। महापंचायत में सपा के वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन, संजय लाठर, एमएलसी उदयवीर सिंह सहित अन्य नेता भी शामिल होंगे। सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव ने बताया कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव किसानों के समर्थन में प्रदेश में पहली बार किसानों की महापंचायत को संबोधित करने अलीगढ़ आ रहे हैं। पूरे देश के किसान मोदी सरकार के द्वारा थोपे गए तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। सपा हरेक किसान के साथ खड़ी है। किसानों का कोई धर्म या जाति नहीं होती है। किसान सिर्फ किसान है।

टप्पल में होने वाली किसान महापंचायत सभास्थल पर दो मंच बनाए गए हैं। पहले मुख्य मंच से पूर्व सीएम संबोधित करेंगे। ये 60 गुणा 30 फीट का है, इसमें 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। 30 गुणा 18 फीट के दूसरे मंच पर स्थानीय नेता रहेंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *