Nirbhik Nazar

केदारनाथ उपचुनाव : रुद्रप्रयाग को 27 सेक्टर और दो जोन में बांटा गया, एडीजी ने दिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश

देहरादून: केदारनाथ उपचुनाव के लिए जिले को 27 सेक्टर और दो जोन में बांटा गया है। सुरक्षा और चेकिंग के लिए वहां पर आठ एफएसटी और 10 एसएसटी का गठन किया गया है। यह जानकारी सोमवार को नोडल अफसर एडीजी एपी अंशुमान ने रुद्रप्रयाग पुलिस के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दी। उन्होंने जिला पुलिस को बॉर्डर क्षेत्रों में सघन चेकिंग और पड़ोसी जिलों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में रुद्रप्रयाग पुलिस ने जानकारी दी कि अब तक 210 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही 95 फीसदी लाइसेंसी शस्त्रों को अब तक जमा कराया जा चुका है।

एडीजी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 162 मतदान केंद्र और 173 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उन्होंने इसके हिसाब से ही सुरक्षा की योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती व आपसी समन्वय भी समय से करने को कहा गया।

ये निर्देश दिए

– चुनाव के मद्देनजर गश्त और चेकिंग पूरे निर्वाचन क्षेत्र में लगातार की जाए। साथ ही बॉर्डर क्षेत्र में सतर्क दृष्टि रखते हुए निकटवर्ती जनपदों से आपसी समन्वय रखा जाए।

– निर्वाचन के दौरान अपराध व कानून व्यवस्था को नियंत्रित रखा जाए। किसी भी घटना के होने पर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जाए।

– इंटेलिजेंस को सतर्क करते हुए सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। अफवाहों से कानून व्यवस्था को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

– प्रत्याशियों की सुरक्षा नियमानुसार सुनिश्चित कराई जाए।

– निर्वाचन ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल को भलि-भांति ब्रीफ कर नियुक्त किया जाए।

– स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था राजपत्रित अधिकारी की निगरानी में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए ।

– स्ट्रॉन्ग रूम, बैरियर आदि महत्वपूर्ण स्थानों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए।

– पर्वतीय जनपद होने के कारण आपदा संभावित क्षेत्रों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पहले से ही तैयारी रखते हुए एसडीआरएफ के जवानों को निर्देशित किया जाए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *