Nirbhik Nazar

केदारनाथ उपचुनाव: भाषण के दौरान रो पड़ीं आशा नौटियाल, सीएम धामी भी हुए भावुक, कांग्रेस ने कसा तंज

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ उपचुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. चुनावी सभा और रैलियों का दौर चरम पर है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के समर्थन में रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं. शनिवार को उन्होंने विधानसभा में दो जन सभाओं को संबोधित किया. जबकि इससे पहले केदारघाटी के त्रियुगीनारायण मंदिर में आशीर्वाद भी लिया. जन सभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सुनने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंचे हुए थे. इस दौरान भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के आंसू छलक गए. ये देख सीएम धामी भी भावुक हो गए.

शनिवार को चोपता में भूतपूर्व विधायक स्वर्गीय शैलारानी रावत को याद करते हुए अपने भाषण के दौरान आशा नौटियाल भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शैलारानी रावत ने जिस प्रकार से केदारनाथ विधानसभा की सेवा की है, उसी भाव को सशक्त करते हुए केदारनाथ की बेटी आशा नौटियाल भी समर्पित होकर कार्य करेंगी. हमारी डबल इंजन सरकार ने पहले भी इस क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास कार्य सम्पादित किए हैं और भविष्य में भी हम पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ केदारनाथ के विकास के लिए समर्पित रहेंगे.

बाबा केदार को कोई नहीं ले जा सकता:

वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर हमेशा सवाल खड़ी करने वाली कांग्रेस अब रंग बदलकर जनता को भ्रमित कर रही है. पहले इन्होंने देश के मंदिरों पर राजनीति की और अब श्री केदारनाथ धाम पर राजनीति कर रहे हैं. केदारनाथ मंदिर यहां-वहां ले जाने की बात कह रहे हैं और यात्रा को प्रभावित करने की बात कर रहे हैं. लेकिन बाबा केदारनाथ को उनके धाम से कोई कहीं नहीं ले जा सकता.

सीएम धामी की आंखें भी हुईं नम:

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार में ही मंदिरों को उनकी असली पहचान मिली है. केदारनाथ धाम के बाद अब कार्तिक स्वामी मंदिर को स्थानीय लोगों की आर्थिकी से जोड़ने के लिए हमारी सरकार प्रयास कर रही है. आशा नौटियाल ने जनता को कांग्रेस की झूठी बातों और वादों को दरकिनार कर विकास के लिए वोट डालने की अपील की. आशा नौटियाल को भावुक होता देख मुख्यमंत्री भी खुद को रोक न सके और उनकी आंखें भी नम हो गई.

केदार बाबा सब जानते हैं और ईश्वर सबके हृदय को पहचानते हैं: 

वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आंसुओं में नहीं जाना है. अंकिता भंडारी मामले में भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल ने कोई आंसू नहीं बहाए. अपनी सरकार के खिलाफ आवाज नहीं उठा पाई और आज चुनाव जीतने के लिए आंसू बहाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि केदार बाबा सब जानते हैं, वे ईश्वर हैं, सबके हृदय को पहचानते हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *