Nirbhik Nazar

दरिंदगी की हदें पार! जंगली सुअर के चक्कर में तेंदुए को पकाकर खा लिया, वन विभाग ने बरामद किया सिर

नुआपाड़ा: ओडिशा के नुआपाड़ा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक तेंदुए का शिकार किया गया है और फिर उसे पकाकर खाया गया है। इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है और तेंदुए का सिर बरामद कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

नुआपाड़ा जिले में वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। देवधरा गांव के पास जंगल में जंगली सुअरों का शिकार करने के लिए लगाए गए जाल में एक तेंदुआ फंस गया था। आरोप है कि पुस्तम चिंदा (58) और हृषिकेश चिंदा (40) ने तेंदुए को मारकर उसकी खाल उतार ली और मांस पकाकर खा लिया।

वन विभाग के अनुसार, यह घटना 16 नवंबर की है। गुप्त सूचना के आधार पर वन अधिकारियों ने आरोपियों के ठिकानों पर छापा मारा, जिसमें तेंदुए की खाल, सिर और पका हुआ मांस बरामद किया गया। हालांकि, उनके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे।

खरियार फॉरेस्ट डिवीजन के सहायक वन संरक्षक एम.डी मुस्तफा सालेहा ने कहा कि जांच जारी है और पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। फरार आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें जुटी हैं।

वन विभाग ने स्थानीय समुदायों से अपील की है कि वे वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करें और इस तरह की घटनाओं की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। तेंदुए जैसे विलुप्त हो रही प्रजातियों के शिकार से न केवल प्रजातियों की पहचान खत्म हो जाती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News