ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: उत्तराखंड भाजपा में शीर्ष स्तर पर मची हलचल के बीच ही राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अपनी सरकार के चार साल का जश्न पूरी धूमधाम से मनाने की तैयारी की है। इसके लिए 11 मार्च से आयोजन प्रारम्भ करने की रूपरेखा बना ली गयी है। सरकार की ओर से इन समारोहों के लिए प्रत्येक विधानसभा स्तर पर बजट भी जारी कर दिया गया है। इसमें विधायकों को आयोजन समिति का सिरमौर बनाकर उनको दायित्व सौंपे गये हैं। शासन ने सरकार के इस जश्न के लिए आयोजित होने वाले समारोहों को लेकर आदेश जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकार के चार साल पूरे होने पर भाजपा के जिलाध्यक्षों के साथ 18 मार्च को होने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। रविवार को भराणीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में भाजपा जिलाध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लच्छीवाला में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करें और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम डोईवाला के निकट लच्छीवाला में आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आज पार्टी के समस्त जिलाध्यक्षों के साथ बैठक के दौरान 18 मार्च को आयोजित होने वाले सरकार के चार साल "बातें कम-काम ज्यादा" कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। pic.twitter.com/8N12Rbdilc
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) March 7, 2021
प्रदेश का राज्य स्तरीय कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र डोईवाला के लच्छीवाला में आयोजित होगा। केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। सभी विधानसभाओं में भी एक साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। प्रचार-प्रसार हेतु जिला स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाए। इस बार के बजट में महिला एवं युवक मंगल दलों, नई पंचायत, माध्यमिक शिक्षा में बच्चों को बैग एवं जूते देने के लिए बजट का प्राविधान किया गया है। राज्य सरकार द्वारा अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र ₹1 में पानी का कनेक्शन देने, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को हफ्ते में 4 दिन दूध व एक एक दिन अंडा एवं केला दिया जा रहा है। रिवर्स पलायन पर राज्य सरकार का विशेष प्रयास है। ग्रामीण आर्थिकी को कैसे बढ़ाया जा सकता है इस पर सबको मिलकर ध्यान देना होगा। राज्य की महिलाओं को पति की संपत्ति में सह खातेदारी का अधिकार दिया गया है। इसके आने वाले समय में काफी सकारात्मक परिणाम आएंगे। महिलाओं के सिर से घास का बोझ हटाने के लिए राज्य में मुख्यमंत्री घस्यारी योजना लाई जा रही है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए मिलकर प्रयास करने होंगे।
आज अपने आवास पर पार्टी विधायकों से मुलाक़ात कर आगामी १८ मार्च को सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चर्चा की। pic.twitter.com/9XIERqHndI
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) March 6, 2021
सीएम कार्यालय से जारी आदेश के तहत स्थानीय विधायक को आयोजन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष और दायित्वधारी उपाध्यक्ष होंगे। 18 मार्च के कार्यक्रम की थीम ‘बातें कम-काम ज्यादा’ रखी है। सीएम दफ्तर से अपर सचिव-सीएम डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट की ओर से इस बारे में विधिवत आदेश जारी किए गए। हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में जिम्मा संभालेंगे। सभी को 11 मार्च से ही जिम्मा संभालने को कहा गया है। सरकार के इस जश्न का मुख्य कार्यक्रम डोईवाला विधानसभा में होगा। यहां से सीएम त्रिवेंद्र रावत सभी विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों को ऑनलाइन तरीके से संबोधित करेंगे। इस दौरान कई विधानसभाओं में सांसद मुख्य अतिथि की भूमिका में रहेंगे। सभी दायित्वधारियों को भी इन आयोजनों की जिम्मेदारी दी गई है। निगम क्षेत्र में मेयर, पालिका क्षेत्र में पालिकाध्यक्ष, पंचायतों में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष आयोजन समिति के उपाध्यक्ष रहेंगे।

सरकार ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी विधायकों को विधानसभावार बनाई गई समितियों में शामिल किया है। उन्हें भी आयोजन समिति अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि, आमतौर पर ऐसा देखने को नहीं मिलता। आयोजन समिति के समन्वयक की भूमिका में सीएम की टीम रहेगी। इस समिति में ओएसडी, मीडिया सलाहकार, कोऑर्डिनेटर, प्रोटोकॉल अफसर और जनसंपर्क अधिकारी तक शामिल हैं। ओएसडी धीरेंद्र पंवार दून, पीआरओ शैलेंद्र त्यागी हरिद्वार, वित्त सलाहकार आलोक भट्ट पौड़ी, मीडिया सलाहकार रमेश भट्ट टिहरी, औद्योगिक सलाहकार केएस पंवार रुद्रप्रयाग, प्रोटोकॉल अफसर आनंद रावत उत्तरकाशी, आईटी सलाहकार रविंद्र पेटवाल चमोली, ओएसडी अभय रावत यूएसनगर, ऊर्बादत्त भट्ट नैनीताल, विनीत बिष्ट अल्मोड़ा, पीआरओ विजय बिष्ट बागेश्वर, मीडिया को-र्डिनेटर दर्शन सिंह रावत चंपावत एवं ओएसडी जगदीश चंद्र खुल्बे को पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।