ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: आज मंगलवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सीएम आपद से इस्तीफा दे दिया है। कल बुधवार सुबह 11 बजे देहरादून में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक होनी है जिसमे अगले सीएम के नाम पर चर्चा करके तय कर दिया जाएगा की उत्तराखंड मे बीजेपी का नया सीएम कौन होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत के मुताबिक केंद्रीय पर्यवेक्षक भी इसमें शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बुधवार को होने वाली इस बैठक में विधानमंडल दल के नए नेता का चुनाव किया जाएगा। जहां तक मुख्यमंत्री के नए चेहरे का सवाल है, दिल्ली से लेकर देहरादून तक कई पार्टी नेताओं के नाम चर्चा में शामिल हैं।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि अगर विधायकों में से ही नया नेता चुना जाता है तो पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धनसिंह रावत के नाम सबसे आगे हैं। अगर विधायकों के अलावा पार्टी किसी अन्य वरिष्ठ नेता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का मन बना लेती है तो इस स्थिति में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की दावेदारी सबसे मजबूत है। हालांकि एक खेमा नैनीताल के सांसद अजय भट्ट के नाम की भी चर्चा कर रहा है।