ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: बीजेपी दफ्तर में तीरथ सिंह ने पत्रकारों को संबोधित भी किया, तीरथ सिंह ने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी तरह से निभाऊंगा. उन्होंने आगे कहा, “त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सीएम रहते जो काम किए उन्हें मैं आगे बढ़ाने का काम करूंगा. जो काम उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह ने किया वो पहले किसी ने नहीं किया है. मैं प्रदेश की भलाई के लिए काम करूंगा.”

तीरथ सिंह रावत वर्ष 2000 में नवगठित उत्तराखंड के प्रथम शिक्षा मंत्री चुने गए थे। इसके बाद 2007 में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री चुने गए। प्रदेश चुनाव अधिकारी व प्रदेश सदस्यता प्रमुख रहे। 2013 उत्तराखंड दैवीय आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के अध्यक्ष रहे, वर्ष 2012 में चौबटाखाल विधान सभा से विधायक निर्वाचित हुए और वर्ष 2013 में उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने। इससे पूर्व वर्ष 1983 से 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (उत्तराखंड) के संगठन मंत्री और राष्ट्रीय मंत्री रहे। तीरथ सिंह रावत को पौड़ी सीट से भारत के 17 वें लोकसभा चुनाव में बीजेपी की तरफ से प्रत्याशी बनाया गया था, जिसमें वे भारी मतों से विजयी हुए। इन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मनीष खंडूड़ी को 2,85,003 से अधिक मतों से हराया।