Nirbhik Nazar

38वें नेशनल गेम्स: स्मार्ट हुआ दून का सिंथेटिक ट्रैक, खेल मंत्री ने किया निरीक्षण, रुद्रपुर में भी तैयारी तेज

देहरादून/रुद्रपुर: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित सिंथेटिक ट्रैक अब स्मार्ट ट्रैक बन गया है. गुरुवार को खेल मंत्री रेखा आर्य ने ट्रैक का निरीक्षण किया है. ट्रैक बना रहे विशेषज्ञों ने खेल मंत्री रेखा आर्य को बताया कि इस ट्रैक में अब इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाई गई है, जिससे अब इसे स्मार्ट ट्रैक के नाम से बुलाया जाएगा. इन चिप्स के माध्यम से बिना स्टॉपवॉच के खिलाड़ी के दौड़ने से संबंधित अचूक आंकड़े कंप्यूटर को सीधे प्राप्त होंगे.

स्मार्ट ट्रैक से खिलाड़ियों की पता चलेगी रफ्तार

खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि ट्रैक बनकर तैयार है और अगले दो दिन इस पर मार्किंग की जानी है. इस सुविधा से यह भी पता किया जाएगा कि दौड़ की शुरुआत, मध्य या अंतिम हिस्से में किस खिलाड़ी की रफ्तार कितनी थी.

खेल मंत्री ने स्मार्ट ट्रैक का किया निरीक्षण

इससे भविष्य में तैयारी करने वाले खिलाड़ियों की क्षमता के आकलन और तैयारी की रणनीति बनाने में कोच और खिलाड़ियों को मदद मिलेगी. खेल मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिंथेटिक ट्रैक ग्रीस के रबर पार्टिकल से बनाया गया है. इस तरह की तकनीक और सामग्री से लैस देश में अभी सिर्फ दो या तीन ही ट्रैक उपलब्ध हैं.

खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया

खेल मंत्री रेखा आर्य ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित शिविर में भाग ले रहे प्रदेश की विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया. इसके अलावा उन्होंने वुशु खेल, बास्केटबॉल, जिमनास्टिक और शूटिंग के आयोजन स्थलों का निरीक्षण भी किया.

खिलाड़ियों को नहीं होनी चाहिए दिक्कत

खेल मंत्री रेखा आर्य ने अधिकारियों को 28 जनवरी को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारी में दिन-रात जुट जाने के निर्देश दिए. उन्होंने विशेष सचिव अमित सिन्हा से कहा कि उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने के चलते सुरक्षा काफी कड़ी होगी, लेकिन इसके चलते खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभागियों को कोई दिक्कत ना हो इसका भी ध्यान रखा जाए.

रुद्रपुर में कमिश्नर दीपक रावत ने तैयारियों का लिया जायजा

रुद्रपुर में 38वें राष्ट्रीय खेल की तैयारियों को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और कुमाऊं डीआईजी योगेन्द्र सिंह रावत ने मनोज सरकार स्टेडियम का निरीक्षण किया. इसी बीच उन्होंने सुरक्षा से संबंधित सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाने के निर्देश दिए. साथ ही दोनों अधिकारियों ने चेंजिंग रूम के बारे में भी जानकारी ली.

सभी तैयारियां पूरी

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि निरीक्षण के दौरान लगभग सभी तैयारियां पूरी मिली हैं. कुछ जगह फिनिशिंग का काम चल रहा है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि खेल को लेकर दो एजेंसी रुद्रपुर पहुंच चुकी हैं. अधिकारी दोनों एजेंसियों के संपर्क में हैं.

पुलिस ने रूपरेखा की तैयार

कुमाऊं डीआईजी योगेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि 28 जनवरी से नेशनल गेम्स की शुरुआत हो जाएगी. खिलाड़ियों को सुरक्षा के बीच स्टेडियम तक लाया जाएगा, जिसको लेकर सभी जनपदों की पुलिस ने रूपरेखा तैयार कर ली है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *