ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दो दिन बाद आज अपने नए मंत्रिमंडल की घोषणा की। इस दौरान जैसी अटकलें लगाई जा रहीं थी कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत अपने नए मंत्रिमंडल में कुछ परिवर्तन जरूर करेंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सभी मंत्रियों ने आज दोबारा शपथ ली। हां जो कुछ नया हुआ है वह यह है कि 4 नए चेहरे मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए हैं। यही नहीं अब तीरथ सिंह रावत का मंत्रिमंडल पूरी तरह अस्तित्व में आ चुका है। पिछले 4 सालों से खाली चल रहा त्रिवेंद्र सिंह रावत का मंत्रिमंडल भर चुका है, जिसके तहत मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को मिलाकर 11 मंत्री हो गए हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि तीरथ सिंह रावत फिलहाल किसी को भी नाराज करना नहीं चाहते थे। एक तरह से त्रिवेंद्र के मंत्रिमंडल का ही विस्तार किया है। यहां तक की त्रिवेंद्र सरकार के राज्यमंत्रियों का भी कद नहीं बढ़ाया गया। शाम 5 बजे उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने सभी 11 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें आठ कैबिनेट व तीन राज्य मंत्री शामिल हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की नई टीम इस प्रकार है, कैबिनेट में आज चार नए चेहरे, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, हरिद्वार ग्रामीण के विधायक स्वामी यतीश्वरा नंद, डीडीहाट से विधायक बिशन सिंह चुफाल और मसूरी विधायक गणेश जोशी को शामिल किया गया है. कैबिनेट मंत्री के रूप में सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडेय, बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल व गणेश जोशी ने कैबिनेट मंत्री तथा धनसिंह रावत, रेखा आर्य, स्वामी यतीश्वरानंद ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली।
इन चार नए चेहरों को मिली जगह
तीरथ मंत्रिमडंल में यूपी और उत्तराखंड में चार बार मंत्री रह चुके पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, खंडूड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल, तीन बार के विधायक गणेश जोशी, हरिद्वार ग्रामीण सीट से कांग्रेस दिग्गज हरीश रावत को चुनाव हराने वाले स्वामी यतीश्वरानंद के नाम शामिल हैं।
ये बने कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री विधानसभा सीट जिला
सतपाल महाराज चौबट्टाखाल पौड़ी गढ़वाल
बंशीधर भगत कालाढुंगी नैनीताल
डॉ.हरक सिंह रावत कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल
बिशन सिंह चुफाल डीडीहाट पिथौरागढ़
यशपाल आर्य बाजपुर ऊधमसिंह नगर
अरविंद पांडेय गदरपुर ऊधमसिंह नगर
सुबोध उनियाल नरेंद्रनगर टिहरी गढ़वाल
गणेश जोशी मसूरी देहरादून
ये बने राज्यमंत्री
डॉ.धन सिंह रावत श्रीनगर गढ़वाल पौड़ी गढ़वाल
स्वामी यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण हरिद्वार
रेखा आर्य सोमेश्वर अल्मोड़ा