Skip to main content

Nirbhik Nazar

38 वें राष्ट्रीय खेल: मां नंदा-सुनंद के जयकारे के साथ हुआ समापन, क्लोजिंग सेरेमनी में पहुंचे अमित शाह

हल्द्वानी: 38th National Games: 38 वें राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह हल्द्वानी के आइजीआइ स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रारंभ हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में पहुंचे और हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

इस दौरान स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। सीएम ने अमित शाह को शुभंकर मौली भेंट किया। दर्शकों से खचाखच भरे आयोजन स्थल में पहाड़ की लोक संस्कृति, परंपरा, संस्कार और गीत-संगीत का सुंदर संगम देखने को मिल रहा है।

लोगों में गजब का उत्साह होने के साथ ही 19 दिन तक चले खेलों के महाकुंभ के समापन को लेकर दुख भी है। लेकिन लोग इस खेलों के पर्व के समापन के क्षण को उत्सव के रूप में मना रहे हैं।

मां नंदा-सुनंद के वंदन और जयकारे के साथ हुआ आरंभ

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आरंभ मां नंदा-सुनंद के वंदन और जयकारे के साथ हुआ। लोक गायक राकेश पनेरू ने जय हो नंदा देवी… भजन का मधुर गायन किया। खुशी दिगारी ने मैं घास काटूं लो…, अल्मोड़ा अंग्रेज आयो… आदि गीत प्रस्तुत किए। चंद्र प्रकाश ने मैं जा छूं कमला… गीत की सुंदर प्रस्तुति दी। गोविंद दिगारी ने लस्का कमर… झोड़ा-चांचरी, गोविंदी धुंधरू बजेदे छमछमा का गायन किया।

नृत्यांगना स्वेता माहरा ने चैता की चैत्वाल, पार भीड़ें की छोरी, क्रीम पौडरा… गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। दर्शक उनकी प्रस्तुति के दौरान जमकर झूमे।

संकल्प से शिखर तक की थीम पर आधारित 38वें राष्ट्रीय खेलों की विदाई बेला के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया, युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से, मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड कोंगकल संगमा, भारतीय ओलिंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी मौजूद रहे।

गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर के कई हिस्सों को जीरो जोन घोषित कर दिया गया है। वीकेंड पर आने वाले पर्यटक हल्द्वानी शहर के बजाय दूसरे मार्गों से नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम भेजे जा रहे हैं। गृहमंत्री शाह का स्वागत कुमाऊंनी रीति-रिवाज के साथ होगा।

सीएम ने लिया जायजा

गृहमंत्री के दौरे से पहले गुरुवार को सीएम पुष्कर धामी ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पहुंच तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने कहा कि ये हमारे लिए सौभाग्य की बात हैं कि राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ पीएम नरेन्द्र मोदी ने किया और समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह का सानिध्य मिल रहा है।

गौलापार स्टेडियम पहुंचे सीएम धामी ने कहा कि मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के दम पर राष्ट्रीय खेलों से जुड़ी सभी प्रतियोगिताएं प्रदेश के अंदर ही कराकर उत्तराखंड ने अपनी क्षमताओं को साबित कर दिया। मेजबानी मिलने से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, प्रेरणा और पदक भी मिले।

गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में हम अंकतालिका में 25वें नंबर पर थे। जबकि इस बार सातवां स्थान हासिल किया। जिससे पूरे राज्य में उत्साह का माहौल बना हुआ है। सीएम ने कहा कि बड़े आयोजन में अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी स्ट्रक्चर खड़ा करने का फायदा भविष्य में भी युवाओं को मिलेगा। उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के निखरने का सिलसिला अब थमने वाला नहीं।

धामी का संकल्प, देवभूमि को खेलभूमि भी बनाएंगे

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल सुविधाओं को विकसित करने पर खिलाडिय़ों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। सरकार का संकल्प है कि देवभूमि की पहचान खेलभूमि के तौर पर भी होगी। ताकि खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सके।

खिलाडिय़ों के बीच पहुंच सीएम ने लगाया निशाना

राष्ट्रीय खेलों से जुड़े अलग-अलग आयोजन स्थलों पर पहुंच मुख्यमंत्री ने लगातार खिलाडिय़ों का हौंसला बढ़ाने के साथ ही उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित भी किया। गुरुवार को स्टेडियम में निशानेबाजों के बीच पहुंच लेजर गन से निशाना भी साधा। इससे पूर्व कभी साइकिल चला तो कभी कुश्ती प्रतियोगिताओं में पहुंच संदेश दिया कि खेल आयोजन सरकार की प्राथमिकता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *