रांची ब्यूरो
रांची. राजधानी रांची को प्रदूषण मुक्त बनाने, राजधानीवासियों को स्वस्थ रखने के साथ- साथ पेट्रोल में खर्च होने वाली राशि की बचत जैसे उद्देश्यों को लेकर आज से रांची में हर शनिवार को नो कार अभियान की शुरुआत हुई। ऐसा नहीं है कि शनिवार को कार चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। लोग अपनी इच्छा के अनुसार आवागमन कर सकते हैं। मगर लोगों से अपील है कि जो लोग छोटी दूरी का सफर तय करना चाहते हैं, वह कार की जगह साइकिल का इस्तेमाल करें। मसलन, सब्जी लाने के लिए साइकिल पर जाएं, कार पर नहीं। जो लोग लंबी दूरी का सफर तय करना चाहते हैं, वह कार से आवागमन कर सकते हैं। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि शनिवार को कार सड़क पर नहीं होने से यातायात का बोझ हल्का होगा। यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम धीरे-धीरे लोगों को यातायात व्यवस्था सुधारने के टिप्स भी देगा। इस अभियान से आज राज्य के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भी जुड़े और नगर आयुक्त के साथ साइकिल से मोरहाबादी मैदान के लिए निकले।

कृषि मंत्री ने चलाई 15 किमी साइकिल
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख आज अपने आवास से पहले साइकिल से विधानसभा गए और वहां से नगर आयुक्त मुकेश कुमार के साथ मोराबादी मैदान के लिए निकल गए। 15 किलोमीटर से अधिक का सफर कृषि मंत्री ने आज साइकिल से प्रा किया। साइकिल से मोराबादी मैदान जा रहे कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि हर शनिवार नो कार की शुरुआत हुई है, आने वाले दिनों में राजधानी के हजारों की संख्या में लोग इसमें शामिल जरूर होंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य के युवा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इस अभियान से जुड़ेंगे। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि आने वाला दिन साइकिल का है और आज या 5 साल बाद हम सबको साइकिल पर आना है। इसकी शुरुआत रांची से हो रही है, यह गर्व की बात है। रांचीवासियों को मिलकर इसे सफल बनाना है।