ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: उत्तराखंड में शुक्रवार को तीरथ सिंह रावत के नए मुख्यमंत्री बनने के बाद शुक्रवार को उनका नया मंत्रिमंडल भी अस्तित्व में आ गया। 11 मंत्रियों ने राजभवन में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को बनाया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कैबिनेट को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सीएम हरीश रावत हमलावर हैं। रावत ने ट्वीट कर कहा कि उत्तराखंड सरकार की नई कैबिनेट में कोई नयापन नहीं है। यहां तक कि उन्होंने त्रिवेन्द्र सरकार में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर भी निशाना साधा है। उत्तराखंड में मचे सियासी तूफान में जहां त्रिवेन्द्र रावत को अपनी गद्दी गंवानी पड़ी, वहीं कद्दावर बीजेपी नेता मदन कौशिक को भी तीरथ कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाई। हालांकि बीजेपी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। लेकिन पूर्व सीएम हरीश रावत ने इसी बहाने बीजेपी को कठधरे में खड़ा करने की कोशिश की है। रावत ने कहा कि “पूर्ववर्ती मंत्रिमंडल के निकम्मेपन, कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए केवल दो लोग दोषी पाए गए, उनमें से एक को व्यक्ति को उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष पद से नवाज दिया गया है।“

हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर राज्य में नेतृत्व बदलने को लेकर बीजेपी को जम कर घेरा। उन्होंने लिखा कि पूर्ववर्ती मंत्रिमंडल के निकम्मेपन, कुशासन और भ्रष्टाचार के लिए केवल दो लोग दोषी पाए गए, उनमें से एक व्यक्ति को उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष पद से नवाज दिया गया है। उन्होने सोशल मिडीया के माध्यम से कहा, ‘जिन लोगों पर धन चटुआ होने के आरोप लगे थे, वो तीरथ मंत्रिमंडल में भी मौजूद हैं।’ नए मंत्रिमंडल पर तंज कसते हुए हरीश रावत ने कहा कि बोतल में नया लेवल लगाकर पुरानी ही शराब है। मंत्रिमंडल में कोई नयापन नहीं दिखाई दे रहा है। इससे जनता को कुछ भी नया प्राप्त नहीं होने जा रहा है।
#पूर्ववर्ती_मंत्रिमंडल के निकम्मे पन,#कुशासन व भ्रष्टाचार के लिये केवल दो लोग दोषी पाये गये,उनमें से एक व्यक्ति को #उत्तराखंड_भाजपा के अध्यक्ष पद से नवाज दिया गया ताकि कुंभ की ईट उखड़ाई, नाली खुदाई,रंगाई-पुताई सब ठीक-ठाक दिखाई दे। जिन लोगों पर धन चटुआ होने के आरोप साया हुये हैं, pic.twitter.com/w2WyXPoGrP
— Harish Rawat (@harishrawatcmuk) March 12, 2021
असल में ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि तीरथ कैबिनेट में कुछ पुराने मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, मंत्रिमंडल में त्रिवेन्द्र सरकार के सभी चेहरों को शामिल किया गया। साथ ही 4 नए चेहरों को भी जगह दी गई। कांग्रेस नेता का कहना है कि इतना बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर भले ही बीजेपी ने अपने आंतरिक झगड़े सुलझाएं हों, लेकिन राज्य की जनता को कुछ नहीं मिला है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी का कहना है कि हरीश रावत ऐसे ट्वीट कर सिर्फ खुद को चर्चाओं में लाना चाहते हैं। उनकी कही बातों का दूर-दूर तक सच्चाई से कोई नाता नहीं है।