Nirbhik Nazar

हरिद्वार केमिकल फैक्ट्री में लगी आग पर 9 घंटे बाद पाया गया काबू, एक व्यक्ति की मौत 

हरिद्वार: बहादराबाद क्षेत्र स्थित इब्राहिमपुर मार्ग पर रविवार की देर रात लगी केमिकल फैक्ट्री में आग पर दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद काबू पा लिया है. आग पर दमकल कर्मियों ने आखिरकार सुबह 6 बजे काबू पाया.

घटना में एक व्यक्ति की मौत

जानकारी देते हुए हरिद्वार के अग्नि सुरक्षा अधिकारी (FSO) बीरबल सिंह ने बताया कि रात 9 बजे के करीब बहादराबाद क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. जिसके बाद मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया. आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था. टीम द्वारा काफी मशक्कत के बाद सुबह 6 बजे काबू पाया गया. उन्होंने बताया कि अब तक सिर्फ एक जनहानि की सूचना मिली है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन अभी चल रहा है. जिसके बाद पूरी जानकारी साझा की जाएगी.

आग पर बमुश्किल पाया काबू

वहीं उन्होंने बताया कि आठ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी रही. जिन्हें भगवानपुर रुड़की, मायापुर और सिडकुल क्षेत्र से मंगवाना पड़ा. वहीं उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है. बता दें कि हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र स्थित इब्राहिमपुर मार्ग पर रविवार रात एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई थी. आग इतनी भयावह थी कि कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई देने लगा था. फैक्ट्री में मौजूद रसायनों के कारण आग और भी तेजी से फैलती गई. दमकल की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर करीब 9 घंटे बाद बमुश्किल से काबू पाया.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News