Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी ने की बड़ी घाेषणा, दून विश्वविद्यालय में शुरू होगा सेंटर फार हिंदू स्टडीज,कहा- हिंदू सभ्यता और संस्कृति से जुड़े विषयों पर किये जायेंगे शोध कार्य

हरिद्वार:मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानव सेवा उत्थान समिति की ओर से रविवार को हरिद्वार में बैसाखी महापर्व के अवसर पर आयोजित सद्भावना सम्मेलन एवं राष्ट्रीय एकता शिविर में प्रतिभाग किया। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मानव कल्याण के उद्देश्य से आयोजित विशाल सम्मेलन न केवल समाज में एकता और सद्भावना का संदेश देगा बल्कि मानव सेवा के लिए भी जन-जन को प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दून विश्वविद्यालय में सेंटर फार हिंदू स्टडीज की पढ़ाई प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इस सेंटर में हिंदू सभ्यता और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर शिक्षण और शोध-कार्य किए जाएंगे।

सद्भावना सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राचीन सनातन हिंदू संस्कृति हमें “वसुधैव कुटुम्बकम’’ अर्थात संपूर्ण पृथ्वी को अपना परिवार मानने की प्रेरणा देती है। हमारे ऋषियों-मुनियों ने समाज में अध्यात्म और ज्ञान द्वारा लोगों को सद्भावना का मार्ग दिखाया है। उसी मार्ग पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश वसुधैव कुटुम्बकम की भावना पर आधारित एक पृथ्वी-एक परिवार-एक भविष्य की अवधारणा को वैश्विक मंचों पर साकार कर रहा है।

राष्ट्रीय एकता किसी भी देश की शक्ति और स्थिरता का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता किसी भी देश की शक्ति और स्थिरता का आधार होती है। यदि देश के नागरिकों में आपसी सद्भावना होगी तो वे मिलकर देश की उन्नति के लिए कार्य करेंगे। इसी को ध्यान में रखकर आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नागरिकों में एकता की भावना को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन एवं सहयोग से हमारी राज्य सरकार भी प्रदेश में एकता, समानता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

सतपाल महाराज ने कहा, सनातन संस्कृति सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया की रही

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया की रही है। इस विचार के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। इस दौरान विधायक आदेश चौहान, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विनय रोहिल्ला, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News