Nirbhik Nazar

देहरादून में नेशनल हेराल्ड केस को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ता

देहरादून: नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर ईडी की चार्जशीट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित ईडी दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन करके अपना आक्रोश व्यक्त किया. इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया.

इससे पहले सभी कांग्रेसी कॉन्वेंट स्कूल तिराहे पर एकत्रित हुए, उसके बाद पैदल मार्च निकलते हुए क्रॉस रोड स्थित ईडी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे. लेकिन पुलिस ने कांग्रेस जनों को कार्यालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया. इससे नाराज कांग्रेसी बेरिकेडिंग के ऊपर चढ़ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता बैरियर लांघकर प्रवर्तन निदेशालय के गेट पर चढ़ गए और केंद्र सरकार के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया. इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और पुलिस लाइन भेज दिया.

कांग्रेस जनों का नेतृत्व कर रहे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाए कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सारी सीमाएं लांघकर कांग्रेस को निशाने में ले रही है. उन्होंने कहा सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर बेबुनियाद आरोप लगाकर ईडी उन्हें तलब कर रही है, ताकि जनता का ध्यान बांटा जा सके. कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करने वाली है. इसलिए आज केंद्र सरकार के रवैये के खिलाफ कांग्रेसियों को सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होना पड़ा है. कांग्रेस का हर कार्यकर्ता सोनिया और राहुल गांधी की लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार है और हम लोकतांत्रिक और प्रजातांत्रिक तरीके से अपनी आवाज को उठा रहे हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News