Skip to main content

Nirbhik Nazar

भारत-पाक टेंशन! डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां कैंसिल, राशन-पानी की सप्लाई को लेकर भी निर्देश जारी

देहरादून: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच देश भर में अलर्ट है. उत्तराखंड सरकार ने जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर रखी है, तो वहीं आपदा कंट्रोल रूम में भी 24 घंटे अधिकारियों को तैनात रहने के निर्देश दिए है. इसके अलावा आज शुक्रवार 9 मई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सचिवालय देहरादून में हाई लेवल मीटिंग की और तमाम व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए. डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां भी कैंसिल कर दी गई है.

सीएम धामी ने बैठक में सभी अधिकारियों को हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात प्रशासनिक इकाइयों को अलर्ट रखने को कहा गया है.

सीएम धामी ने अधिकारियों को प्रदेश के सभी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां, सर्जिकल उपकरण और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए हैं. इसके अलावा सीएम धामी ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राज्य में आवश्यक खाद्य सामग्री, राशन और पीने के पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दलों को भी तैयार रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जा सके. सीएम ने अफवाहों से बचने और जनता को सही समय पर जानकारी देने के लिए सूचना विभाग को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के लिए देवतुल्य जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और सरकार किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं. हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रदेश के अस्पतालों के लिए गाइडलाइन भी जारी कर दी गई है, जिसके तहत हर बिल्डिंग में लाउडस्पीकर की व्यवस्था की जाए. आग बुझाने संबंधित इंतजाम को दुरुस्त करें. पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस के साथ समन्वय बनाएं. डॉक्टर और कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएं.

इसके साथ ही अस्पतालों में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है. इसके अलावा गाइडलाइन में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां का स्टॉक मौजूद हो साथ ही ऑक्सीजन बेड, आईसीयू वेंटीलेटर, चिकित्सा उपकरण और एंबुलेंस की व्यवस्था हो.

रिवर्स पलायन सक्सेस स्टोरी पर जोर

उत्तराखंड में रिवर्स पलायन कर चुके लोगों के अनुभवों को साझा करने के लिए एक उपयुक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा. जिससे राज्य के अन्य लोग भी इनकी सफलताओं से प्रेरित होकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़े. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में पलायन निवारण आयोग की समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि ऐसे लोगों के सुझावों को तमाम योजनाओं में सम्मिलित किया जाएगा. जिससे योजनाएं और अधिक प्रभावी बन सकें. राज्य में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, आने वाले समय में उत्तराखंड को देश के श्रेष्ठ राज्यों में स्थान दिलाएगी. सीएम धामी ने सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा को निर्देश दिए कि वो रिवर्स पलायन कर चुके लोगों की सफलता की कहानियों को साझा करने के लिए प्लेटफॉर्म विकसित करे साथ ही उन्हें योजना निर्माण में शामिल करें.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News