ब्यूरो रिपोर्ट
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज खिलाड़ियों का दिल जीत लिया। आज झारखंड सरकार ने 39 खिलाड़ियों को सीधी नौकरी दे दी। सीएम ने खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और शुभकामनाएं दीं।झारखंड में तीन दर्जन से अधिक खिलाड़ियों को सीधी नौकरी दी गई है। इसके साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से नई जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करने की उम्मीद जताई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट बिल्डिंग में खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और शुभकामनाएं दीं। आज जिन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं, उनमें अधिकतर खिलाड़ियों को राज्य सरकार के स्तर से गृह विभाग में नौकरी दी जा रही है। इन सभी खिलाड़ियों को गृह विभाग में कांस्टेबल के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। 36 खिलाड़ियों में से आज 27 को नियुक्ति पत्र सौंपा गया, जबकि 9 को उनकी अनुपस्थिति के कारण नियुक्ति पत्र उनके घर भेज दिया जागा। आज जिन खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया, उनमें 10 पुरुष और 17 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
खेल जगत में झारखंड की पुरानी पहचान: सीएम सोरेन
खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपने के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बार फिर कहा है कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने सभी 24 जिलों में खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की है, यह पहली बार हुआ है, पदाधिकारियों की पोस्टिंग लॉटरी के माध्यम से किया और जिलों में उन्होंने योगदान दिया। उन्होंने कहा कि खेल जगत में झारखंड की पुरानी पहचान रही है। राज्य के पिछड़े क्षेत्रों से कई खिलाड़ियों ने देश- दुनिया में अपना नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों की प्रतिभा के अनुरूप नौकरी देने का फैसला
हेमंत सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचानने में विलंब जरूर हुआ है। नौकरी की उम्मीद संजोये खिलाड़ियों की पीड़ा उन्हें परेशान करती थी, कई खिलाड़ियों को उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर मदद की है। सरकार में वे नहीं थे, तब भी खिलाड़ियों की भावना का कद्र करते थे। हेमंत सोरेन ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा के अनुरूप हमने सीधी नौकरी देने का फैसला लिया था, उसे मूर्त रूप दे रहे हैं।आगे भी सरकार खिलाड़ियों के भविष्य का ख्याल रखेगी. कोई भी खिलाड़ी उम्मीद नहीं छोड़ें। सरकार नई कार्य योजना के साथ काम कर रही है।