Skip to main content

Nirbhik Nazar

सेना के सम्मान में कांग्रेस ने किया जय हिंद सभा का आयोजन, हल्द्वानी में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता, ट्रम्प की तस्वीर पर लगाया गया रेड क्रॉस

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस द्वारा ‘जय हिंद सभा’ का आयोजन किया गया. जिसमें सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दिखाए गए अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया गया. वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर का मजाक उड़ाते हुए विरोध किया गया.

सभा में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, राष्ट्रीय महासचिव काजी निजामुद्दीन, रिटायर्ड सैन्य अधिकारी एवं कांग्रेस नेता रोहित चौधरी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के अनेक विधायक मौजूद रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही.

नेताओं ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों ने जो वीरता दिखाई है, वह गौरव का विषय है और इसी सम्मान में यह सभा आयोजित की गई है. वहीं उन्होंने भाजपा पर सेना के नाम पर राजनीति करने और चुनावी लाभ लेने का आरोप लगाया. नेताओं ने कहा कि जब-जब देश पर संकट आया, भारतीय सेना ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया है.

पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा युद्धविराम (सीजफायर) की घोषणा और विदेश मंत्री द्वारा भारत की कार्रवाई की पहले से जानकारी होने की बात चिंता का विषय है. जिसका जवाब केंद्र सरकार को देना चाहिए. सभा में कुमाऊं मंडल के साथ-साथ गढ़वाल मंडल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला. जिससे यह साफ हुआ कि पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बना हुआ है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News