Nirbhik Nazar

शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए बड़ी घोषणा, बढ़ाई गई अनुग्रह राशि, एक सदस्य को मिलेगी नौकरी 

देहरादून: पिछले साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बड़ी घोषणा की थी. जिसके तहत प्रदेश के शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया जाना था. ऐसे में आगामी कारगिल विजय दिवस से पहले ही 2 जून 2025 को उत्तराखंड शासन ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को बढ़ाए जाने से संबंधित शासनादेश जारी कर दिया है. इसके साथ ही बलिदानियों के परिवार के एक सदस्य को राज्य की सरकारी नौकरी में समायोजित करने का भी निर्णय लिया गया है.

प्रदेश में शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि पहले 10 लाख रुपए थी. ऐसे में सीएम धामी की घोषणा के तहत इस धनराशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए किया गया है. जिस संबंध में उत्तराखंड शासन ने सोमवार को शासनादेश भी जारी कर दिया गया है. सैनिक कल्याण अनुभाग के स्तर से जारी शासनादेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार ये धनराशि शहीद आश्रितों को 26 जुलाई, 2024 से अनुमन्य की जायेगी. इस प्रकार प्रदेश में अब शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख की अनुग्रह राशि अनुमन्य होगी.

वही, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है. हमारे वीर जवानों ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में अपने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हित में भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं. वन रैंक-वन पेंशन, नेशनल वॉर मेमोरियल का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है. साथ ही कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है. शहीदों के परिवार के एक सदस्य को राज्य की सरकारी नौकरी में समायोजित करने का भी निर्णय लिया गया है.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News