Nirbhik Nazar

उत्तराखंड के साथ चार राज्यों से होगा जातीय जनगणना का शुभारंभ, अक्टूबर 2026 में शुरू होगा काम 

देहरादून: केंद्र सरकार ने जातीय जनगणना को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. सरकार दो फेज में जातीय जनगणना कराने जा रही है. पहले फेज की शुरुआत चार पहाड़ी राज्यों से होगी, जिसमें उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और लद्दाख है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से जारी प्रेस नोट के अनुसार जातीय जनगणना का पहला फेज एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगा.

केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि केंद्र शासित राज्य लद्दाख और जम्मू कश्मीर के अलावा हिमाचल व उत्तराखंड के असमकालिक बर्फीले क्षेत्रों को देखते हुए यहां पर एक अक्टूबर 2026 से जातीय जनगणना शुरू की गई. बाकी राज्यों में 2027 में जनगणना कराई जाएगी.

केंद्र की मोदी सरकार ने कुछ दिनों पहले ही जाति जनगणना को लेकर फैसला लिया था. विपक्ष ने लंबे समय से जातीय जनगणना को मुद्दा बनाया हुआ था. बता दें कि इससे पहले साल 2011 में कांग्रेस की मनमोहन सरकार ने सामाजिक-आर्थिक और जातिगत जनगणना करवाई थी. हालांकि इस सर्वेक्षण के आंकड़े आज तक जारी नहीं किए गए.

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अनुसार जनगणना 2021 को भी इसी तरह दो चरणों में आयोजित करने का प्रस्ताव था. पहला चरण अप्रैल-सितंबर 2020 के दौरान और दूसरा चरण फरवरी 2021 में आयोजित किया जाना था. 2021 में आयोजित की जाने वाली जनगणना के पहले चरण की सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं और 1 अप्रैल, 2020 से कुछ राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में क्षेत्रीय कार्य शुरू होने वाला था. हालांकि देश भर में COVID-19 महामारी के प्रकोप के कारण जनगणना का काम स्थगित करना पड़ा था.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News