ब्यूरो रिपोर्ट
देहारादून: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए मेहनत करने की सलाह दी। कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के बिना चुनावी रण में मुकाबला नहीं किया जा सकता। उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों को जन विरोधी बताया। कहा कि महंगाई बढ़ाकर भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारें जनता का शोषण कर रही हैं।

ब्लॉक गजा में आयोजित कांग्रेस की मासिक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए उसका कार्यकर्ता मुख्य होता है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मेहनत व लगन से काम करने की आवश्यकता है। चुनावी रण में जाने से पहले पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता को घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश व केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के बारे में बताने का काम करें। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकारें जनता का शोषण करने पर उतर आई हैं। सरकार की गलत नीतियों के कारण घरेलू गैस से लेकर डीजल, पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें जानबूझकर जनता की जेब से रुपये निकाल रही हैं। जिसे जनता बेहतर तरीके से समझ रही है। भाजपा की इस प्रकार की कार्यशैली का जवाब जनता ने पंजाब में वोट से दिया है। ऐसा ही जवाब अन्य सभी राज्यों व देश में भी भाजपा को मिलेगा।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसी बूथ स्तर पर जाकर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करेंगे और कांग्रेस की नीतियों को लोगों तक पहुंचाएंगे। कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई व किसानों की बदहाली के मद्दों पर चुनाव लड़ेगी विधानसभा नरेंद्रनगर के ब्लॉक ग़ज़ा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकर्ता बैठक में शिरकत करते हुए उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सहप्रभारी राजेश धर्माणी, जिला प्रभारी विजयपाल सजवाण तथा मनीष खंडूरी। जिलाध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण द्वारा आहूत बैठक में पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, महामंत्री राजपाल खरोला व अन्य वरिष्ठजन रहे मौजूद।