देहरादून. उत्तराखंड में 15 अप्रैल से शिक्षा सत्र शुरू किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह निर्देश शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने गुरुवार को जारी किए। गौरतलब है कि कोरोना लॉकडाउन के बाद से स्कूली शिक्षा प्रभावित थी। लेकिन अब स्कूल खोले जाने लगे हैं। इसी को लेकर बैठक में शिक्षा मंत्री ने 15 अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू करने को कहा है। उन्होंने अटल उत्कृष्ट स्कूलों को लेकर टीचर्स की नियुक्ति करने को लेकर नियमावली बनाए जाने के लिए कहा है। इसके लिए लिए उन्होंने मुख्य सचिव से भी बात की गई है। उन्होंने विधानसभा में मीटिंग लेते हुए अधिकारियों को कक्षा एक से 12वीं कक्षा तक के स्कूली बच्चों के लिये नया सेशन 15 अप्रैल से शुरू करने को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए।

शिक्षा मंत्री ने बैठक मे प्रदेश के 190 अटल अटल उत्कृष्ट स्कूलों की मॉनिटरिंग के लिए सेल बनाए जाने के निर्देश दिये हैं। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए बनाए जाने वाले सेल से हर रोज अटल उत्कृष्ट विद्यालयों की मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि फीस एक्ट को नए सत्र से लागू किया जाएगा। इस संबंध में कैबिनेट में प्रस्ताव आएगा। शिक्षा सचिव को जिलाधिकारियों से सुझाव लेकर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों की वरिष्ठता के मामले के जल्द निपटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठता सूची जारी होने पर प्रधानाध्यापकों के रिक्त पदों पर पदोन्नति हो सकेगी। प्रधानाध्यापकों की पदोन्नति काफी लंबे समय से अटकी हुई है। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि वरिष्ठता मामले में शिक्षकों की ओर से दिए गए प्रत्यावेदन के निपटारे को एक अप्रैल को बैठक तय की गई है। सचिव ने यह भी कहा कि वह शिक्षकों को स्वत: सत्रांत लाभ के लिए वित्त की अनुमति के लिए जल्द वित्त सचिव के साथ वार्ता करेंगे।