Nirbhik Nazar

त्यूनी तहसील कार्यालय में खेली ताश, डीएम सविन बंसल ने राजस्व उप निरीक्षक को किया सस्पेंड

देहरादून: त्यूनी तहसील परिसर में जुआ खेलना राजस्व उप निरीक्षक को भारी पड़ गया. मामले में देहरादून डीएम सविन बंसल ने राजस्व उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है. साथ ही मामले की जांच के लिए तहसीलदार त्यूनी को जांच अधिकारी बनाया है. वहीं, डीएम बंसल ने जुआ खेल रहे अन्य लोगों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही दोषी पाए जाने पर कर्मचारियों को निलंबित करने की बात कही है.

त्यूनी तहसील परिसर में खेलते दिखे ताश: जानकारी के मुताबिक, त्यूनी तहसील परिसर में मेन गेट पर राजस्व कर्मचारियों के जुआ खेलने का वीडियो सामने आया था. जिसके बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने वीडियो के संबंध में एसडीएम कालसी, चकराता और त्यूनी को जांच के आदेश दिए थे. जांच के दौरान पता चला कि तहसील परिसर में ही तहसील कर्मचारी ताश यानी जुआ खेल रहे थे. जिसमें मुख्य खिलाड़ी राजस्व उप निरीक्षक नजर आ रहा था.

त्यूनी तहसील क्षेत्र के राजस्व उप निरीक्षक पर गिरी गाज: मामले में प्रथम दृष्टया राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र तहसील त्यूनी की संलिप्तता स्पष्ट उजागर हो रही थी. जिसके बाद राजस्व उप निरीक्षक के खिलाफ विभागीय आचरण नियमों के उल्लंघन करने पर तत्काल प्रभाव से उचित कार्रवाई के लिए डीएम सविन बंसल को आख्या भेजी गई. जिस पर अब कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने निलंबित कर दिया गया है.

एसडीएम कालसी, चकराता और त्यूनी से मिली जांच रिपोर्ट की संस्तुति के आधार पर त्यूनी तहसील के रायगी क्षेत्र राजस्व उप निरीक्षक नागचंद के खिलाफ संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई की गई है. राजस्व उप निरीक्षक को उत्तराखंड राज्य कर्मचारियों की आचरण नियमावली का भी उल्लंघन किए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही निलंबन अवधि में राजस्व उप निरीक्षक रायगी को तहसीलदार चकराता के कार्यालय में सम्बद्ध कर दिया गया है. मामले में तहसीलदार त्यूनी को जांच अधिकारी नामित करते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं.”सविन बंसल, जिलाधिकारी, देहरादून

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News