ब्यूरो रिपोर्ट
नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के जींस वाले बयान को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजनीति दल और सेलेब्रिटी लगातार तीरथ सिंह रावत के बयान की आलोचना की है। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले में तीरथ रावत पर तंज कसा है। प्रियंका ने ट्वीट कर आरएसएस के खाकी-नेकर में बीजेपी नेताओं की तस्वीरों को शेयर किया है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के बयान पर तंज कसते हुए प्रियंका गांधी ने ट्विट कर लिखा, ‘ओह माय गॉड!!! उनके घुटने दिख रहे हैं’। प्रियंका गांधी ने इस कमेंट के साथ एक तस्वीर भी साझा की हैं। उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुराने ड्रेस कोड में नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने तीरथ सिंह रावत के कथित विवादित बयान को लेकर गुरुवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि वह अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगें या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेतृत्व उनसे इस्तीफा देने के लिए कहें।
Oh my God!!! Their knees are showing 😱😱😱 #RippedJeansTwitter pic.twitter.com/wWqDuccZkq
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) March 18, 2021

सीएम तीरथ सिंह रावत की पत्नी ने दी सफाई
सीएम का बचाव करते हुए रश्मि त्यागी ने कहा कि सीएम के उस बयान को राजनितिक पार्टियां तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही हैं। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों को बच्चों के सामने रखते हुए कुछ उदाहरण देकर अपने विचार व्यक्त किए इसमें विरोधाभास कहां है। रश्मि त्यागी ने साथ ही कहा कि परिवार के मुखिया अगर अपने बच्चों को देश व राज्य की संस्कृति व भारतीयता होने के बारे में प्रेरित करते हैं तो इसमें बुराई क्या है।
हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि सीएम के इस बयान से महिलाओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। सीएम का बचाव करते हुए रश्मि त्यागी ने कहा कि “सीएम तीरथ की मानसिकता बिल्कुल भी महिलाओं के पहनावे को लेकर खराब नहीं है। वह भारतीय संस्कृति और वेशभूषा को बढ़ाने की सोच रखते हैं। उन्होंने विपक्ष पर सीएम के बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि सीएम की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने हालिया बयान में कथित तौर पर कहा है कि महिलाओं को “फटी हुई जींस” पहने देखकर उन्हें हैरानी होती है तथा उनके मन में सवाल उठता है कि इससे समाज में क्या संदेश जाएगा। कई महिला नेताओं ने ट्विट कर मुख्यमंत्री के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है