Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में डरा रही बारिश, सीएम धामी ने लिया स्थितियों का जायजा, आपातकालीन परिचालन केंद्र से हो रही मॉनिटरिंग 

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में मानसून की बौछार अभी से ही कहर बरपाने लगी है. उत्तरकाशी में जहां बादल फटा तो वहीं अन्य जगहों पर नदी नाले उफान पर है. कई जगहों पर सड़कें बंद हो गई है. वहीं, मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. इस कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर राज्य भर की स्थितियों का जायजा लिया. इस दौरान उत्तरकाशी में बादल फटने के बाद राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा भी की गई.

चारधाम यात्रा को किया गया स्थगित: उत्तराखंड में मानसून के दाखिल होने के बाद से ही लगातार कई जगहों पर बारिश का सिलसिला जारी है. इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों का रेड अलर्ट भी जारी किया है. जिसमें कई जगह पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है. ऐसी स्थिति को देखते हुए चारधाम यात्रा को फिलहाल स्थगित किए जाने का भी निर्णय लिया जा चुका है.

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे सीएम धामी: वहीं, भारी बारिश के अलर्ट की स्थितियों के बीच सीएम पुष्कर धामी आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य भर में मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और तैयारी के बारे में भी जाना. इस दौरान सीएम धामी ने उत्तरकाशी में बादल फटने के बाद की स्थितियां की जानकारी अधिकारियों से ली.

उन्होंने स्पष्ट तौर पर दिशा निर्देश जारी करते हुए विभिन्न जिलों में हो रही भारी बारिश को देखते हुए अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए।. इस दौरान उत्तरकाशी में राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा की गई. राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर सड़क मार्ग भी बाधित हुआ है. ऐसे में इन मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश जारी हुए.

भूस्खलन से यमुनोत्री मार्ग बंद: यमुनोत्री मार्ग पर भूस्खलन होने के कारण यह रास्ता फिलहाल अवरुद्ध हुआ है, जिस पर 5 जेसीबी के जरिए रास्ता खोलने के प्रयास हो रहे हैं. इसी तरह भूस्खलन के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के कुछ क्षेत्रों में रास्ता अवरुद्ध हुआ था. हालांकि, यातायात के लिए बाद में इस रास्ते को खोल दिया गया. गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में यात्रियों को मार्ग अवरुद्ध होने के कारण कुछ जगहों पर रोका गया है और यहां पर इन लोगों के भजन और रहने की व्यवस्था भी की जा रही है.

उत्तरकाशी जिले में ही 7 ग्रामीण मोटर मार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद हो गए हैं, जिन्हें खोलने का काम गतिमान है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक के दौरान अधिकारियों को कहा कि मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए राज्य में मौजूद तमाम पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए. इसके अलावा भूस्खलन की स्थिति में जल्द से जल्द मार्ग को खोलने के प्रयास किए जाएं. ताकि, लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News