देहरादून: टिहरी झील और राज्य में किसी अनहोनी से बचने और रेस्क्यू कार्य में त्वरित सहायता के लिए स्पीड रेस्क्यू मोटर बोट की जल्द खरीद की जाएगी। इससे अतिवृष्टि, बादल फटना एवं बाढ़ की घटनाओं में एसडीआरएफ के राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। यह जानकारी पुलिस महानिदेशक ….. ने दी।उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय 1 स्पीड रेस्क्यू मोटर बोट एवं 2 रेस्क्यू मोटर बोट खरीदेगा। इनका प्रयोग टिहरी झील क्षेत्र में पर्यटकों एवं स्थानीय जनता की सुरक्षा, जलीय आपदा , समय-समय पर आयोजित होने वाले विभिन्न स्नान पर्वों, कांवड़ मेला एवं कुंभ मेले में प्रभावी प्रतिवादन के लिए किया जा सकेगा।

डीजीपी ने बताया कि फायर सर्विस में फायर रिस्पांस टाइम सुधारने के लिए अग्निशमन एवं आपात सेवा सम्बन्धी उपकरण- मिनी हाई प्रेशर पम्प, प्रोक्सीमिटी सूट, बैक पैक सेट विद वाटर मिस्ट आदि अत्याधुनिक उपकरण भी क्रय किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्पीड रेस्क्यू मोटर बोट की गति लगभग 20-25 नाॅटिकल मील प्रति घंटा और रेस्क्यू मोटर बोट की गति लगभग 15-20 नाटिकल मील प्रति घंटा है। इनसे उत्तराखंड पुलिस की वाटर रेस्क्यू टीमों की कार्यदक्षता में निश्चित रूप से वृद्वि होगी।
इसके साथ ही महत्वपूर्ण झीलों, संगम, नदियों, स्नान घाटों पर स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत तैनात उत्तराखंड पुलिस की एसडीआरएफ डीप डाइविंग टीम, जल पुलिस एवं बाढ़ राहत पीएसी दल को अत्याधुनिक आपदा उपकरणों से लैस किया जा रहा है। डीजीपी ने बताया कि इन टीमों के लिए लाइफ जैकट, राफ्ट, पर्सनल थ्रो बैग, स्कूबा डाइविंग सूट, फ्लोटिंग रेस्क्यूअर स्टेशन, रिचार्जेबल मोबाइल रिमोट एरिया लाइटिंग सिस्टम, ड्राई बैग, ड्राई सूट, आदि उपकरण क्रय किये जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में जल पुलिस, एसडीआरएफ डीप डाइविंग टीम, एवं बाढ़ राहत पीएसी दल आपदा सम्बन्धी उपकरणों सहित कुंभ मेला क्षेत्र, टिहरी झील, मुनिकीरेती, देवप्रयाग, शिवपुरी, लक्ष्मणझूला, श्रीनगर, ऋषिकेश, विकासनगर, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, भीमताल, रामनगर, काठगोदाम, नानकमत्ता, गुलरभोज, बनबसा, टनकपुर में तैनात हैं।