Nirbhik Nazar

पद पर बने रहेंगे गृहमंत्री अनिल देशमुख ! भाजपा ने देशमुख के इस्तीफे की मांग को लेकर 200 स्थानों पर कराया प्रदर्शन

ब्यूरो रिपोर्ट

नई दिल्ली: दिल्ली में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के घर अघाड़ी गठबंधन के नेताओं की बैठक में फैसला लिया गया कि गृह मंत्री अनिल देशमुख इस्तीफा नहीं देंगे। अनिल अपने पद पर बने रहेंगे। बैठक में कांग्रेस नेता कमलनाथ शामिल रहे। पवार के घर हुई बैठक में जयंत पाटील ने कहा जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। जयंत पाटील ने कहा कि राज्य सरकार किसी को भी नहीं बख्शेखी, चाहे कोई कितना भी बड़ा क्यों ना हो। बैठक में लेटर बम पर कहा, पत्र से जांच की दिशा बदलने की कोशिश की गई है। पवार के घर एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, महाराष्ट्र के  उप मुख्यमंत्री अजीत पवार मौजूद रहे। इसके अलावा प्रफुल्ल पटेल, जयंत पाटिल जैसे नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परमबीर सिंह का कहना है कि उन्हें 100 करोड़ की वसूली का टार्गेट दिया गया था। इस बीच पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर जूलियो रिबेरो ने कहा है कि वह गृह मंत्री अनिल देशमुख और परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों की कोई जांच नहीं करेंगे।

 

बीजेपी ने राज्य मे 200 जगह कराया प्रदर्शन

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा गृहमंत्री अनिल देशमुख पर पुलिस अधिकारियों से 100 करोड़ रुपए की वसूली करवाने का आरोप लगने के बाद भाजपा ने रविवार को देशमुख के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य में करीब 200 स्थानों पर आक्रामक प्रदर्शन किए। पुणे में प्रदर्शन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत दादा पाटिल ने कहा कि महाविकास अघाड़ी सरकार हमारे लाडले महाराष्ट्र का तमाशा बना रही है, जो हमें कतई मंजूर नहीं है। कांग्रेस के पूर्व मुंबई अध्यक्ष संजय निरुपम ने अपनी ही पार्टी से इस मामले में अपनी भूमिका स्पष्ट करने का आग्रह किया है। भाजपा के सुर में सुर मिलाते हुए उन्होंने भी अनिल देशमुख को पद से हटाने और परमबीर सिंह को निलंबित करने की मांग की है। निरुपम का मानना है कि इन दोनों के पद पर रहते इसकी निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।

उन्होंने शरद पवार पर भी निशाना साधते ट्वीट किया है कि यदि परमबीर सिंह ने जो कहा है, वह सच है, तो सवाल शरद पवार से भी पूछे जाने चाहिए। क्योंकि इस सरकार का नेतृत्व तो वहीं कर रहे हैं। उधर, पाटिल ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से आग्रह किया है कि महाराष्ट्र के लोगों के प्रति उनमें थोड़ी-बहुत भी शर्म और जिम्मेदारी बची हो, तो अनिल देशमुख को उन्हें फौरन मंत्रिमंडल से निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सचिन वाझे, परमबीर सिंह और अनिल देशमुख तो संभवतः इस खेल में केवल प्यादे हैं। उनके पीछे की असली शक्तियों एवं उनके वास्तविक इरादों की भी जांच की जरूरत है। पाटिल ने उम्मीद जताई है कि वाझे ने एक बार एनआइए की पूछताछ में राज उगलने शुरू किए, तो सरकार की कोठरी से कई कंकाल बाहर आएंगे। इस क्रम में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भाजपा का यह आंदोलन देशमुख के इस्तीफे तक जारी रहेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *