Nirbhik Nazar

सीएम धामी ने शेयर की माय मोदी स्टोरी, जानिये कैसे दिल छू गई वाराणसी की घटना

देहरादून: 17 सितंबर को पीएम मोदी का जन्मदिन है. पीएम मोदी के जन्मदिन को भाजपा खास बनाने में जुटी है. इसके लिए भाजपा संगठन देशभर में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाएगा. स्वच्छता के साथ ही रक्तदान शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा. इसी कड़ी में बीजेपी के बड़े नेता भी माय मोदी स्टोरी शेयर कर रहे हैं. जिसमें वे पीएम मोदी के साथ उनसे जुड़ी यादें, सीख को साझा कर रहे हैं. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी माय मोदी स्टोरी शेयर की है.

माय मोदी स्टोरी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा मुझे पीएम मोदी की कार्यशैली को करीब से देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है. उनके साथ बिताया हर क्षण अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रप्रेम का नया पाठ सिखाता है. ऐसा ही एक पल वाराणसी में मेरे दिल पर गहरी छाप छोड़ गया. भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक उस रात एक बजे समाप्त हुई. सभी थके हुए थे, तभी प्रधानमंत्री जी मुस्कुराते हुए बोले – “अभी एक ज़रूरी काम बाकी है” हम सभी एक-दूसरे को देखने लगे – इतनी रात को, अब और क्या? उन्होंने सहज भाव से कहा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र में दिन में निरीक्षण करने से लोगों को असुविधा होती है. इसलिए मैं रात में ही विकास कार्य देखने निकलूंगा” और फिर रात के सन्नाटे में, जब पूरा शहर सो रहा था तब प्रधानमंत्री जी सड़कों पर थे.

आगे सीएम धामी ने लिखा एक-एक परियोजना का जायज़ा लेते हुए, हर विवरण पर ध्यान देते हुए, समय बीता… 3 बजे… फिर 4 बज गए. तब जाकर वे अपने कक्ष में लौटे, लेकिन यही कहानी का सबसे अद्भुत पल है, अगली सुबह 9 बजे, बैठक शुरू होते ही वे सामने थे – पूरी ऊर्जा, वही तेज़ नज़र, वही अडिग एकाग्रता, मानो उन्होंने रात में नींद नहीं, बल्कि देश की सेवा से ऊर्जा पाई हो. उन्हें देखकर हम सबके मन में बस एक ही विचार उठा “यही है सच्चा नेतृत्व।” वो जो उपदेश नहीं देता, उदाहरण बनकर जीता है. उनका जीवन सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व अनुशासन, प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा का नाम है.

सीएम धामी ने वाराणसी की इस घटना को शेयर करते हुए पीएम मोदी के साथ बिताये पलों को याद किया. सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं. उन्होंने कहा विकासकार्यों को लेकर पीएम मोदी का विजन साफ है.

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News