Nirbhik Nazar

चमोली आपदा, मृतकों के परिजनों को सीएम ने दिए पांच-पांच लाख के चेक, 12 घायलों को किया एयरलिफ्ट

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को चमोली जिले के नंदानगर आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान जहां सीएम धामी ने आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया तो वहीं आपदा पीड़ितों का हाल भी जाना.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राहत कार्यो की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुक़सान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए.

मृतकों के परिजनों को दी राहत राशि: मुख्यमंत्री धामी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता राशि के चेक भी प्रदान किये. मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी गांव का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण कर आपदा से नुकसान एवं राहत कार्यों का जायजा लिया.

पीड़ितों को दिया मदद का भरोसा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ितों से भेंट कर कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावितों की साथ खड़ी है. प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-जीवन को जल्द सामान्य करने के लिए राहत और बुनियादी सुविधाओं की बहाली के कार्यों को पूरी क्षमता व तत्परता से संचालित करने में निरंतर जुटे रहें. प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत और पेयजल की सुचारू आपूर्ति और सभी क्षेत्रों तक सड़क संपर्क बहाल करने के काम को प्राथकिता से पूरा किया जाय.

चमोली जिलाधिकारी ने दी जानकारी: इस दौरान जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने आपदा से हुए नुकसान, राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है. अब तक 12 घायल व्यक्तियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है, जिनमें से 01 घायल व्यक्ति को एम्स ऋषिकेश और 11 घायलों को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया. कुंतरी लगा फाली, सरपाणी, धुर्मा, सेरा और मोख में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं.15 गौशालाएं भी नष्ट हुई है.

वहीं इन क्षेत्रों में आठ पशु मृत और चालीस पशु लापता बताए गए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में विस्तृत सर्वेक्षण का कार्य गतिमान है. प्रभावित लोगों को खाद्य सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News